पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार के विकास एजेंडे का कोई विकल्प नहीं है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह सिखों को पक्ष में हैं, तो वह जगदीश टाईटलर और सज्जन कुमार को पार्टी से निकलवाएं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने देश के लोगों से धोखा किया है और स्वयं को जनसाधारण की पार्टी कह कर सरकारी खजाने को को योजनाबद्ध ढंग से लूट रही है।
सुखबीर हरमंदिर साहिब में अपनी पत्नी और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल के साथ नतमस्तक होने के लिए आए थे। उन्होंने इस दौरान गुरवाणी भी सुनी।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिल्ली के विधायकों के वेतन में अथाह बढ़ोत्तरी के पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
केजरीवाल यह भी बताएं कि 57 मुख्य संसदीय सचिवों व चेयरमैनों की फौज किस लिए लगाई गई है, जिन्हें कैबिनेट स्तर की सभी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ‘आप’ का लोक विरोधी चेहरा देखकर दिल्ली के लोग अब हैरान हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आम लोगों की पार्टी कहलाने वाली ‘आप’ चुनावों से पूर्व जिन बातों की घोर विरोध करती थी अब स्वयं उन बातों की होकर रह गई है। आप के नेता लाल बत्तियों सहित हर प्रकार की सुविधाओं का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग ‘आप को पहले ही नकार चुके हैं।
सुखबीर ने कहा कि कैप्टन की ताजपोशी से पूर्व ही कांग्रेसी नेताओं का झगड़ा पार्टी की आंतरिक जंग को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यदि कैप्टन एक सच्चे सिख हैं तो जगदीश टाईटलर, और सज्जन कुमार को सजा दिलानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अमरिंदर पहले दोनो नेताओं को पार्टी में से निकालने की वकालत करें। डिप्टी सीएम ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव शिअद-भाजपा न केवल बड़ी सफलता हासिल करेगा बल्कि 2022 और 2027 में भी जीत हासिल करेगा। गठजोड़ के विकास एजेंडे का किसी पार्टी के पास कोई विकल्प नहीं है।