अमृतसर देहात पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दस किलो हेरोइन, पिस्तौल और तीन कारतूस समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सजन अरोड़ा निवासी लोपोके तथा विजयपाल सिंह और जशनप्रीत सिंह दोनों निवासी सराय अमानत खां के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बाइक भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार थाना लोपोके को सूचना मिली थी कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे नशा तस्करों के संपर्क में हैं। सीमा पार बैठे तस्कर ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप भारतीय सीमा में भेजते थे, जिसे आरोपी रिसीव करने के बाद आगे सप्लाई करते थे।
सूचना मिली थी कि आरोपी हेरोइन की खेप लेकर आगे सप्लाई के लिए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10 किलो हेरोइन और एक पिस्तौल बरामद हुई। पुलिस ने वह बाइक भी कब्जे में ली है, जिस पर सवार होकर आरोपी हेरोइन की सप्लाई के लिए जा रहे थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हेरोइन की खेप के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।