पाकिस्तान में बैठे तस्करों की ओर से ड्रोन के जरिए सीमा के इस पार 23 किलो से ज्यादा हेरोइन भेजी गई, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस हेरोइन की अंतराष्ट्रीय बाजार में कीमत 115 करोड़ रुपये के करीब है। इसके अलावा पिस्तौल भी बरामद किए गए है।
जानकारी के मुताबिक, थाना लोपोके पुलिस और बीएसएफ इंटेलिजेंस विंग और 100 बटालियन बीएसएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांव लोदीगुज्जर निवासी सुखमनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। एसएचओ जसदीप सिंह की अगुवाई में पुलिस हेमतपुरा-लोपोके रोड पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सुखमनप्रीत पाकिस्तान में बैठे तस्कर से हेरोइन और हथियार मंगवाता है। इसके बाद गांव सैदपुरा की सड़क पर नाकाबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में 13 किलो हेरोइन, पिस्तौल और मैगजीन बरामद हुई।
वहीं घरिंडा थाना पुलिस ने सरकारी बाग के पास जीटी रोड पर नाकाबंदी के दौरान गुरबख्शीश सिंह उर्फ बख्शिश और बिक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों हेरोइन की खेप लेकर आ रहे हैं। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 10 किलो 18 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है और ताकि और भी रिकवरी की जा सके।