पुलिस कमिश्नर ने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की उस लगातार चल रही मुहिम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सीमा पार से हो रही हथियार और नशा तस्करी को पूरी तरह खत्म करना है।
अमृतसर जिला शहरी पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से जुड़े संगठित हथियार एवं नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अत्याधुनिक पिस्टल और 500 ग्राम अफीम बरामद की है।
विज्ञापन
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी अंतर-जिला स्तर पर सक्रिय एक तस्करी गिरोह का हिस्सा हैं, जिनके सीधे संबंध पाकिस्तान स्थित एक हैंडलर से जुड़े हुए हैं। आरोपियों का मकसद बरामद हथियारों को पंजाब में सक्रिय गैंगस्टरों और अपराधियों तक पहुंचाना था ताकि राज्य में आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सके।
थाना सदर अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की उस लगातार चल रही मुहिम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सीमा पार से हो रही हथियार और नशा तस्करी को पूरी तरह खत्म करना है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य में अवैध हथियारों के प्रसार और संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।