दशमेश नगर में शुक्रवार रात एक सीवरमैन की जान बचाने के लिए अपनी जान गंवाने वाले दोनों युवकों के परिजनों ने शनिवार को जीटी रोड छेहर्टा पर शव रखकर प्रदर्शन किया।
परिजन आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के कारण ट्रैफिक जाम हो गया। दोपहर एक बजे से शुरू होकर धरना साढ़े तीन बजे तक चला। आरोपी के खिलाफ पर्चा काटने के बाद ही परिजनों ने धरना हटाया।
शुक्रवार रात को दशमेश नगर निवासी प्रेम कुमार के यहां सीवरमैन राजेश काम कर रहा था। इस दौरान उसके औजार गिर गए। वह उन्हें निकालने गया तो खुद गिर गया।
उसके शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे भाइयों राजविंदर सिंह (19) और अमृतपाल सिंह (21) उसे बचाने के लिए सीवरेज में कूद गए। सीवरेज में जहरीली गैस चढ़ने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। राजेश को लोगों ने सीवरेज से निकालकर सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया था।
शनिवार को जब युवकोें की मां छेहर्टा पुलिस के पास आरोपी प्रेम कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए गई तो पुलिस ने इंकार कर दिया। इस पर परिजन भड़क गए और उन्होंने कबीर पार्क के पास विशाल धरना लगा दिया। सूचना मिलने पर एसीपी दीपक लोहरिया और इंस्पेक्टर छेहर्टा अरुण भल्ला पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस प्रशासन परिजनों को धरने को हटाने के लिए लगातार डेढ़ घंटे समझाते रहे लेकिन परिजन मामला दर्ज करवाने पर अड़े रहे। पुलिस ने मृतक युवकों की मां परमजीत कौर के बयान पर आरोपी प्रेम कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया, जिसके बाद आरोपी शांत हुए।