मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह पर कभी विश्वास नहीं किया जा सकता। कैप्टन एक दल बदलू नेता हैं। कैप्टन ने अपने राजनीतिक जीवन में कई दल बदले है।
कैप्टन न तो किसी पार्टी और न ही पंजाब के लोगों के प्रति वफादार हैं। बादल विधानसभा क्षेत्र खडूर साहिब में संगत दर्शन के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
हाल में ही कांग्रेसी विधायक सिक्की ने इस विधान सभा क्षेत्र से अपना त्याग पत्र दिया है। इस क्षेत्र में अकाली दल के प्रभाव को दोबारा मजबूत करने के लिए बादल गुरुवार को संगत दर्शन करने पहुंचे थे। 27 नवंबर को भी बादल इसी विधानसभा क्षेत्र में संगत दर्शन कर लोगों की मुश्किलें सुनेंगे।
बादल ने कहा कि कभी कैप्टन खुद को पक्का अकाली होने की कसमें खाते थे। इसके बाद वह दुश्मन पार्टी कांग्रेस में शामिल हो गए।
अपने अध्यक्ष पद की प्राप्ति के लिए कैप्टन लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन के नारों में अब पंजाब के लोग न आएंगे। कैप्टन पंजाब के लोगों की ओर से नकारे गए नेता हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह पंजाब के दुश्मन लोगों का किसी कीमत पर साथ न दें और न ही उनके गलत मंसूबों को सफल होने दें।
उन्होंने कहा कि पंजाब के हालात खराब करने की कोशिशें करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान उन्होंने लोगों की मुश्किलों को सुना और मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को लोगों की मुश्किलें हल करने के आदेश भी दिए।