संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। ''''वारिस पंजाब दे'''' संगठन के प्रमुख खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह ने पुलिस को अल्टीमेटम दिया है कि उसके व उसके साथियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को बुधवार शाम तक निरस्त किया जाए। यह मामला झूठा है। उनके संगठन के दोनों गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को भी रिहा किया जाए। अगर बुधवार देर शाम तक एफआईआर को रद्द नहीं किया जाता तो गुरुवार को वह अपने समर्थकों और संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ अजनाला पुलिस थाना के बाहर धरना शुरू कर देंगे। अमृतपाल ने यह बात बुधवार को अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा के गुरुद्वारा बाबा कला मेहर में बुलाई बैठक के बाद मीडिया के साथ कही। उसने कहा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी व दमदमी टकसाल सिखों की प्रमुख संस्थाएं हैं। यदि वह कोई गलती करते हैं, तो हमें सवाल उठाने का अधिकार है। अगर हिंदुओं की हिंदू राष्ट्र की मांग पर सरकार को आपत्ति नहीं है, तो खालिस्तान की मांग को लेकर इतना शोर क्यों है।