अगले विधानसभा चुनावों के लिए आप का एजेंडा सही है। अकाली जमीनी स्तर पर फेल हो रहे हैं। विरसा सिंह वल्टोहा ओछी राजनीति से बाज आएं। ये बातें संसदीय सचिव मेडम नवजोत कौर सिद्धू ने कहीं।
उन्होंने कहा कि जिस तरह आप ने दिल्ली में अपना एजेंडा लोगों के समक्ष रखकर जीत हासिल की थी। उन्हीं एजेंडों को पंजाब में लागू करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा यह मेरी निजी राय है। कौर ने कहा अकालियों ने सत्ता हासिल करने के लिए लोगों को बड़े सपने दिखाए थे।
लोगों ने विश्वास कर वोट डाले और अकाली दो बार सत्ता में आए। पर हकीकत में जमीनी स्तर अकालियों ने लोगों के बीच किए गए वायदे भूल गई। मैने जब-जब अपने क्षेत्र के विकास के लिए फंड मांगे तो केवल झूठे दिलासे मिलें। कई बार मुझे अपनी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलना पड़ा।
इसके बाद भी सरकार ने अब तक कुछ नहीं किया। आप; में शामिल होने पर सिद्धू ने जवाब देना उचित नहीं समझा। विरसा सिंह वल्टोहा पर आरोप लगाते हुए कहाकि घर बैठकर किसी के ऊपर आरोप नहीं लगाने चाहिए। किसी मुद्दे पर विरोध करने से पहले उसकी सच्चाई जाननी चाहिए। मैं किसी का विरोध करती हूं, तो सबसे पहले मेरे पास उसका सबूत होता है।
2012 चुनावों में जिन एजेंडो पर पार्टी ने जीत दर्ज की थी, अभी तक उन्हें पूरा नहीं किया। मेरा सवाल है 2017 चुनाव में जीत के लिए पार्टी किस आधार पर जनता से वोट मांगेगी।