अमृतसर। मजीठा थाना क्षेत्र के गांव गुजरपुरा में एक 30 वर्षीय युवक ने पारिवारिक कलह से तंग आकर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली।
मृतक की पहचान गुरकीरतन सिंह पुत्र बलविंदर सिंह निवासी गुजरपुरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गुरकीरतन की शादी करीब डेढ़ साल पहले जालंधर निवासी सुप्रीत कौर के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अकसर झगड़े होते रहते थे। बताया जा रहा है कि इन झगड़ों में उसकी सास संतोष भी दखल देती थी, जिससे गुरकीरतन मानसिक रूप से काफी परेशान रहता था।
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार देर शाम किसी बात को लेकर फिर से विवाद हुआ, जिसके बाद गुरकीरतन ने गुस्से में आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार के सदस्य उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मजीठा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना मजीठा के एसएचओ ने बताया कि मृतक के पिता के बयान पर पत्नी सुप्रीत कौर और सास संतोष के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। परिजनों ने प्रशासन से इंसाफ की मांग की है।