संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। हेरोइन तस्करी करने वाले एक आरोपी को जिला देहाती पुलिस की सीआईए स्टाफ की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम गुरलाल सिंह और गांव हर्दोरत्तन का रहने वाला है। इस आरोपी पुलिस ने ढाई किलो हेरोइन भी बरामद की है।
आरोपी के पाकिस्तान में बैठे तस्कर लाला के साथ संबंध थे। आरोपी डिफेंस नहर के नजदीक जमीन ठेके पर लेकर खेतीबाड़ी करता है और इसी दौरान यह पाकिस्तानी तस्कर लाला के संपंर्क में आ गया। इसके बाद आरोपी ने खेती की आड़ में हेरोइन की तस्करी करनी शुरू कर दी।
एसएसपी देहाती चरनजीत सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि उक्त आरोपी ने बाॅर्डर के नजदीक डिफेंस नहर के पास जमीन ठेके पर ली हुई है और वह खेतीबाड़ी की आड़ में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये हेरोइन मंगवाकर आगे सप्लाई करने का धंधा करता है। इसी के तहत पुलिस टीम ने आरोपी पर नजर रखनी शुरू कर दी। इसी दौरान पता चला कि आरोपी ने अपने खेतों में बंबी बना रखी है और वहां पर हेरोइन की खेप छिपाई हुई है। इसके पश्चात पुलिस टीम ने आरोपी के ट्यूबवेल पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार किया गया। मौके पर ही आरोपी से ढाई किलो हेरोइन बरामद की गई। जांच के दौरान आरोपी ने बताया कि वह लाला नामक पाकिस्तानी तस्कर के संपर्क में था और उससे ही हेरोइन मंगवाकर सप्लाई करता था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि और भी रिकवरी हो सके।