अमृतसर। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा है कि प्रदेश सरकार का सहयोग न मिलने के कारण तलवंडी साबो थर्मल पावर प्लांट का काम रुकने पर आ गया है। बाजवा मंगलवार को अमृृतसर में पार्टी की ओर से सीनियर नेताओं और वर्करों के साथ आयोजित एक वर्कशॉप के बाद मीडिया के साथ बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि थर्मल प्लांट की प्रमोटर कंपनी स्टरलिंग लिमिटेड द्वारा शिअद भाजपा सरकार पर लगाया गया आरोप गंभीर है। कंपनी का आरोप है कि सहायक वातावरण न होने कारण व अफसरशाही से तंग आकर उन्हें काम रोकने को मजबूर होना पड़ा है।
उन्होंने सुखबीर बादल के दावों को सफेद झूठ करार दिया। बाजवा ने कहा कि असल में पावर प्रोजेक्टों का काम पीछे रह गया है और पिछले छह सालों में बिजली के रेटों में 80 प्रतिशत की बढ़ोतरी ने लोगों को अपनी आमदन का बड़ा हिस्सा बिजली पर खर्चने को मजबूर कर दिया है। जबकि इंडस्ट्री राज्य से पलायन कर रही है। उन्होंने लोगों को पंजाब को शिअद-भाजपा की जनविरोधी सरकार से आजाद करवाने की अपील की।