अमृतसर। यश चोपड़ा जब 15 दिसंबर 2011 को श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के लिए आए थे तो उन्होंने मीडिया के साथ बातचीत के दौरान खुलासा किया था कि फिल्म एक्टर शाहरुख खान उनके पसंदीदा हीरो हैं। इस लिए वह उन्हें सब से अधिक अपनी फिल्मों में लेते हैं। वह शाहरुख को अपनी आठ फिल्मों में अभी तक हीरों के रूप में ले चुके हैं। चोपड़ा ने हरमंदिर साहिब के सूचना केंद्र में मीडिया के साथ बातचीत के दौरान यह भी खुलासा किया था कि वह पंजाबी हैं और पंजाबी होने के नाते चाहते हैं कि पंजाबी में फिल्म को बनाया जाए, लेकिन ये हसरत पूरी नहीं हुई। हिंदी फिल्में वह इस लिए अधिक बनाते हैं क्योंकि इनकी डिमांड विदेशों में भी बहुत अधिक होती है। पंजाबी होने के नाते उनकी कोशिश रहती है कि फिल्म में पंजाबी टच को भी दिया जाए। इस लिए उन्होंने अपनी हर फिल्म में पंजाबी टच को भी साथ-साथ रखा है।
चोपड़ा ने यह भी खुलासा किया था कि वह हमेशा डर कर रहते हैं और फिल्म बनाने के दौरान यह हमेशा ध्यान में रखते हैं कि उनकी फिल्म किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचाए। इसी लिए उनकी ओर से जितनी भी फिल्में बनाई गई हैं उनमें लव स्टोरी होती है। क्यों कि प्यार से ही सारा संसार आपस में बंधा हुआ है।