मेडिकल भत्ता 2 हजार करे सरकार: नरेश
पंजाब स्टेट पेंशनर ज्वाइंट फ्रंट ने उठाई मांग
दस सितंबर को शिमला पहाड़ी पर करेंगे प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। पंजाब स्टेट पेंशनर ज्वाइंट फ्रंट की बैठक सीनियर कनवीनर नरेश कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मेडिकल भत्ता दो हजार रुपये करने समेत कई मांगें उठाई गईं।
सीनियर कनवीनर नरेश कुमार ने कहा कि कैप्टन सरकार पेंशनरों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। इससे पेंशनरों में रोष की लहर है। उन्होंने कहा कि सरकार पिछले दो वर्षों से देय डीए की चार किश्तों को जारी करे, डीए का पिछला बकाया जारी किया जाए, जब तक पेंशन बढ़ाई नहीं की जाती, तब तक जनवरी 2016 से बीस प्रतिशत अंतरिम राहत दी जाए। उन्होंने कहा मौजूदा समय में पंजाब सरकार पेंशनरों को केवल पांच प्रतिशत अंतरिम राहत दे रही है, पेंशनरों का मेडिकल भत्ता बढ़ाकर 2 हजार रूपये किया जाए। 2006 से पहले व बाद के पेंशनरों में समानता लाई जाए, पेंशनरों का सारा रिकार्ड स्थानीय बैंकों में भेजा जाए, मेडिकल सुविधा कैशलेस हो, रेल की तर्ज पर बसों के किराए में पेंशनरों को पचास प्रतिशत छूट दी जाए।
उन्होंने कहा कि इन मांगो को लेकर 10 सितंबर को शिमला पहाड़ी पठानकोट में सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया जाएगा। उसके बाद जिलाधीश को सरकार के नाम पर मांगपत्र सौंपा जाएगा। इस मौके पर कनवीनर राम दास शर्मा, विक्रमजीत, लाल चंद, प्रिंसीपल मंगल दास, महिन्द्र पाल गुप्ता, महासचिव लेख राज शर्मा, चमन लाल गुप्ता, सुखविन्द्र शर्मा, सलविन्द्र सलवान, हंस राज, सुभाष चंद्र, वजीर चंद, जोगिन्द्र पाल, बक्शी राम, अजीत राम मौजूद थे।