शिक्षिका ने ढाई वर्ष की पोती का टीकाकरण कराया
जब कोई टीका लगवाने के लिए आगे आईं सिमरजीत कौर
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। इन दिनों मीजल और रूबेला का टीकाकरण मुहिम स्कूलों में सेहत विभाग के लिये एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। मंगलवार को सेहत विभाग की टीम सरकारी प्राइमरी स्कूल बुर्जअराइयां पहुंची। कोई भी अभिभावक अपने बच्चों को टीका लगवाने के लिए तैयार न हुआ। लोगों के भ्रम को तोडने के लिए मुख्य अध्यापिका सिमरजीत कौर ने अपनी ढाई साल की नन्ही पोती गुरसीरत कौर को टीका लगवाया।
इससे अभिभावकों का वहम दूर हुआ और कुछ अभिभावक अपने बच्चों को टीका लगवाने के लिए तैैयार हो गए। इसके बाद हर कोई अपने बच्चे को टीका लगवाने की कतार में दिखाई दिया। गांव के कुल 37 बच्चों को मीजल और रूबेला के टीके लगे हैं। शुक्रवार को भी इसी स्कूल में मेडिकल टीम टीकाकरण केे लिए पहुंची थी, उस दिन अभिभावकों ने टीकाकरण का बायकाट किया था। मेडिकल टीम में शामिल हरजीत कौर एएनएम, मनदीप कौर, हरभजन कौर, मनजीत कौर, रंजीत सिंह, जगदीश सिंह और तरसेम सिंह गिल्ल हेल्थ इंस्पेक्टर ने बताया कि वायरल वीडियो ने लोगों में भ्रम पैदा कर दिया है। सरकार यह टीके बच्चों को बीमारी से बचाने के लिए लगवा रही है। मेडिकल टीम ने लोगों से अपील की हैै कि अपने सभी बच्चों को यह टीके लगवाएं।यह टीके अच्छी सेहत और रोग रहित जीवन के बहुत जरूरी है।