डल्हौजी रोड स्टेशन से चलेगी नैरोगेज ट्रेन
पठानकोट।
शहर की ट्रैफिक समस्या का सबसे बड़ा कारण नैरोगेज रेलवे लाइन के हल के लिए दिवंगत सांसद विनोद खन्ना के बाद यह बीड़ा विधायक अमित विज ने उठा लिया है। विधायक ने सिटी स्टेशन से चलने वाली नैरोगेज रेल को शहर से बाहर स्थित डल्हौजी रोड स्टेशन से चलाने की कवायद शुरू कर दी है। इससे शहर में नैरोगेज ट्रेन नहीं आएगी और बार-बार फाटक बंद होने से लगने वाले जाम से लोगों को छुटकारा मिलेगा। विधायक अमित विज ने पीडब्लूडी के एसडीओ नरेश शर्मा के साथ डल्हौजी रोड रेलवे स्टेशन का दौरा किया और इस प्रोजेक्ट का खाका तैयार किया। बकौल विधायक डल्हौली रोड स्टेशन से ट्रेन चलाने की तारीख का एलान जल्द किया जाएगा।
सिटी रेलवे स्टेशन से चलने वाली नैरोगेज ट्रेन पठानकोट से हिमाचल प्रदेश के जोगिंदर नगर तक जाती है। पठानकोट से हिमाचल जाने के लिए सिर्फ एक ही नैरोगेज रेलवे ट्रैक है। यह ट्रैक शहर के बीचो-बीच से गुजरता है। ट्रेन के आने-जाने के समय शहर के बीच तमाम रेलवे फाटक बंद हो जाते हैं। इससे ट्रैफिक जाम की स्थिति घंटों तक बनी रहती है। इसी समस्या से शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए सांसद विनोद खन्ना ने भी कई प्रयास किए। अब विधायक अमित विज ने यह बीड़ा उठाया है।
विधायक अमित विज ने कहा कि रेलवे और पीडब्लूडी मिलकर इसके लिए काम करेंगे। पीडब्लूडी अधिकारियों से मैप देखने और समझने के बाद विधायक ने कहा कि डल्हौजी रोड रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त स्थान हैं। यहां से आसानी से ट्रेन चलाई जा सकती है। यहां से ट्रेन चलती है तो शहर में फाटक बंद होने के कारण जाम की स्थिति नहीं बनेगी। इसके अलावा लोगों को प्रदूषण से भी छुटकारा मिलेगा। विधायक ने कहा कि इस समस्या को लेकर वह दिल्ली में रेलवे के जनरल मैनेजर और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से भी मिल चुके हैं। दोनों को मामले की लिखित रिपोर्ट सौंप चुके हैं। रिपोर्ट में तकनीकी तथ्यों से लेकर हर समस्या का हल दिया गया है। यही रिपोर्ट प्रिंसिपल चीफ सेक्रेटरी समेत पंजाब सरकार के उच्चाधिकारियों को भी विस्तृत रूप से दिखा चुके हैं।
विधायक ने बताया इंजनों की मेंटेनेंस के लिए डल्हौजी रोड स्टेशन पर ही डीजल शेड का निर्माण किया जाएगा। जब तक डीजल शेड बन कर तैयार नहीं हो जाता। तब तक सिटी स्टेशन पर ही इंजन का मेंटेनेंस किया जाएगी। यानि कि ट्रेनें डल्हौजी रोड स्टेशन से चलेंगी और इंजन की मेंटेनेंस के लिए ईंजन सिटी स्टेशन आते रहेंगे। इंजन सिर्फ रात के समय ही सिटी स्टेशन आएंगे। विधायक ने बताया डल्हौली रोड स्टेशन से ट्रेन चलाने की तारीख जल्द घोषित की जाएगी। इस दौरान उनके साथ जिला कांग्रेस प्रधान अनिल विज, आशीष विज, पार्षद योगेश ठाकुर, रोहित स्याल, विभूति शर्मा, बलवान सिंह मन्हास मौजूद थे।
दिन में 14 बार बंद होते हैं 9 फाटक
शहर के रेलवे स्टेशन से लेकर डल्हौजी रोड रेलवे स्टेशन तक की 4 किलोमीटर की दूरी पर नैरोगेज रेलवे ट्रैक पर 9 फाटक पड़ते हैं। नैरोगेज ट्रेन के आने जाने पर ट्रैफिक की समस्या लोगों को कितना सताती होगी इस बात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि सिर्फ दिन के समय ही यह 9 फाटक 14 बार बंद होते हैं। यानि कि शहर में 14 बार जाम लगने जैसी स्थिति बनती है।
शहर से डल्हौजी रोड तक चलेंगी बसें
शहर से नैरोगेज ट्रेन बाहर चले जाने के बाद रेल यात्रियों को दिक्कत न हो, इसके लिए शहर से दो बसें स्पेशल डल्हौजी रोड रेलवे स्टेशन तक चलाईं जाएंगी। विधायक ने कहा कि बसों में सफर सुविधाजनक बनाने के लिए बस पास की सुविधा भी शुरू की जाएगी। नैरोगेज ट्रेन बाहर जाने से लोगों को दिक्कत नही होने दी जाएगी।