संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। थाना सदर की पुलिस ने न्यूजीलैंड में नौकरी दिलाने के नाम पर 6.30 लाख रुपये ठगने के आरोप में युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसीपी विजय कुमार ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। बटाला रोड स्थित पवन नगर निवासी पवन कुमार की शिकायत पर सदर थाने की पुलिस ने लुधियाना स्थित शिमला पुरी के न्यू आजाद नगर निवासी गुरमीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पवन कुमार ने बताया कि गुरमीत सिंह उनका रिश्ते में भतीजा लगता है। आरोपी लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का कारोबार करता है। गुरमीत सिंह ने उन्हें बातों में फंसाया कि वह 6.30 लाख रुपये में उन्हें न्यूजीलैंड में नौकरी दिला सकता है। उन्होंने बड़ी मुश्किल से उक्त राशि का बंदोबस्त किया और आरोपित के हवाले कर दी। लेकिन पैसे लेने के बाद गुरमीत ने ना तो उन्हें विदेश भेजा और न ही पैसे लौटाए।