वेतन घटाने के एलान के खिलाफ दिया धरना
काहनूवान (गुरदासपुर)।
शिक्षा विभाग में ठेके पर कार्यरत अध्यापकों के वेतन में 75 फीसदी कटौती कर रेगुलर करने के ऐलान के विरोध में आदर्श स्कूल कर्मचारी यूनियन ने गुरदासपुर-श्री हरगोबिंदपुर सड़क पर धरना दिया।
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरजिंदरपाल सिंह ने बताया कि सरकार के इस मुलाजिम विरोधी एलान के बाद ठेके पर सेवा निभा रहे अध्यापकों में रोष है। अगर सरकार ने यह एलान जल्द वापस लेने का फैसला न किया तो वह समूह ठेका आधारित अध्यापकों को साथ लेकर शिक्षा बोर्ड के बाहर छह मार्च को राज्यस्तरीय रोष रैली करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी आदर्श, प्राइमरी और हाई स्कूलों में ठेके पर सेवा करने वाले अध्यापक 42 हजार रुपये के करीब वेतन ले रहे हैं। उनको सरकार स्थायी भर्ती करने के नाम पर वेतनों में कटौती कर 10,300 रुपये पर फिर से भर्ती करने का एलान कर रही है। इससे शिक्षा विभाग में ठेका आधार पर काम करते समूह अध्यापकों में खलबली मच गई है। यूनियन नेताओं ने कहा कि वह 10 सालों से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अब सरकार के फैसले से उन पर भारी मानसिक दबाव बन चुका है। मौके पर सरबजीत कौर, रेखा रानी, चरणजीत सिंह, बीर कौर, वनीता शर्मा, दलजीत कौर, सिमरन कौर, गुरप्रीत कौर, राकेश चंद, जसबीर सिंह, सुरजीत कौर, हरप्रीत कौर, जसविंदर कौर, वंदना गुप्ता, संतोख सिंह, प्रवीन, लखविंदर सिंह, राजविंदर कौर उपस्थित थे।
05जीडीआर9-धरना देते हुए अध्यापक