चारों शहीदों के परिवारों को दस हजार मासिक पेंशन
गुरदासपुर। पुलवामा में सीआरपीएफ के शहीद हुए पंजाब के चार जवानों के परिवारों को सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट और समाजसेवी डा. एसपी सिंह ओबराय ने सांत्वना दी। इसी के साथ ट्रस्ट की तरफ से शहीदों के परिवारों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने का एलान किया गया। दीनानगर के शहीद मनिंदर सिंह के घर पहुंचे ट्रस्ट के जिला प्रधान रविंदर सिंह मठारू, जनरल सचिव तविंदर सिंह, पलविंदर सिंह ने शहीद के पिता सतपाल अत्री और परिवार के साथ दुख साझा किया। इसी के साथ उन्होंने पेंशन संबंधी सारी कागजी कार्रवाई भी की। उद्योगपति एसपी सिंह ओबराय ने फोन पर शहीद मनिंदर के पिता के साथ बातचीत कर श्रद्धांजलि दी।