मधुमक्खी का काटना रिसॉर्ट मालिक 75 हजार का पड़ा
दो साल पहले जन्मदिन मनाने पठानकोट के हंकी डोरी रिसॉर्ट गया था दंपित
उपभोक्ता फोरम के जज नवीन पुरी ने सुनाया फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
दो साल पहले पत्नी का जन्मदिन मनानेे कलानौर के गुरमुख निहाल सिंह पठानकोट के हंकी डोरी रिसॉर्ट गए। वहां पर मधुमक्खी ने पत्नी को काट लिया, शिकायत पर होटल स्टाफ ने अच्छा व्यवहार नहीं किया। पेशे से वकील पति ने उपभोक्ता फोरम में होटल मालिक के खिलाफ सात लाख हर्जाने का दावा कर दिया। 2 साल चली बहस के बाद फोरम के जज नवीन पुरी ने पीड़ित के पक्ष में फैसला सुनाया और होटल मालिक को 50 हजार रुपये अदा करने के साथ ही 25 हजार फोरम में जमा करने के आदेश दिए। ऑर्डर 4 फरवरी को रिलीज हुआ है। हालांकि मामले में रिसॉर्ट के वाइस प्रेसिडेंट से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस तरह के वाकये की कोई बात स्वीकार नहीं की। फिलहाल रिसॉर्ट मालिक को मधुमक्खी का काटना 75 हजार रुपये का पड़ा।
जानकारी के अनुसार 20 फरवरी 2016 की सुबह पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए पीड़ित एडवोकेट गुरमुख निहाल सिंह ने पठानकोट के हंकी डोरी रिसॉर्ट में गोल्ड डीलक्स रूम बुक कराया। पत्नी के साथ जब वह कमरे में गए तो वहां एग्जास्ट फैन के लिए जगह तो थी, लेकिन फैन नहीं था। कमरे में बदबू व कीड़े मकोड़े आ रहे थे। होटल के स्टाफ को इस बारे में बताया तो उन्होंने कहा कि फैन खराब हो गया है, इस कारण उसे उतारा गया है। वह बर्थडे सैलिब्रेट करने के मूड में थे, इसलिए इसे गंभीरता से नहीं लिया। 21 फरवरी को सुबह जब वह सोकर उठे तो कमरे में मधुमक्खियां मंडरा रही थीं। एक मधुमक्खी ने उसकी पत्नी के पैर पर काट लिया। वह चिल्लाने लगी। इसके बाद होटल स्टाफ को बुलाया गया। अटेंडेंट ब्वॉय ने कमरे में पहुंचकर एक मधुमक्खी को मार दिया और बाकी को भगाने में जुट गया। पत्नी दर्द से कराह रही थी। स्टाफ ने होटल मालिक को बुलाया। मालिक ने उल्टा उन्हें कहा कि आप लोग सुबह सैर करने के लिए बाहर गए थे, इसलिए कीड़े-मकोड़े आपके साथ कमरे में आ गए हैं। इस पर उन्होंने कमरे में उड़ रहे कीड़ों की वीडियो बना ली। होटल मालिक बहस करता रहा और उपचार पर ध्यान नहीं दिया। इससे आहत होकर उन्होंने गुरदासपुर की उपभोक्ता कोर्ट में केस दायर कर दिया।