एसआई को गोली मारने के दो आरोपी काबू
बटाला। पुलिस ने चार अगस्त को काउंटर इंटेलिजेंस के सब इंस्पेक्टर को गोली मारने वाले दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपी फरार हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया 32 बोर की पिस्तौल और पांच कारतूस भी बरामद किए हैं।
एसएसपी उपिंदरजीत सिंह घुम्मन ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि बीती 4 अगस्त को काउंटर इंटेलिजेंस के सब इंस्पेक्टर खुशकरण सिंह को सूचना मिली थी कि आरोपी राजिंदर कुमार लाड़ा वासी ललियांवाली गली बटाला और उसके साथियों के पास अवैध हथियार है और वह कोई बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। इस पर एसआई खुशकरण सिंह आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंचे तो उन्होंने ने पुलिस पार्टीी पर गोलियां चला दी। एक गोली जांघ में लगने से एसआई घायल हो गए।सिविल लाइन में आरोपी रजिंदर कुमार लाड्ड़ा समेत चार लोगों पर मामला दर्ज किया गया था।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए डीएसपी सुच्चा सिंह और इंस्पेक्टर रविशेर सिंह की अगुवाई में टीम बनाई गई। इस दौरान पता लगा कि आरोपी वारदात के बाद दिल्ली चले गए हैं। इसके बाद बटाला पुलिस ने दिल्ली में रेड कर नामजद आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू वासी गांव पुरियां कलां थाना सदर बटाला औैर इन आरोपियों को पनाह देने वाला औैर हथियार वगैरा मुहैया करवाने वाली आरोपी जतिन कुमार उर्फ रोबिन वासी दिल्ली को गिरफतार किया गया । वारदात में इस्तेमाल किए गए उनसे 32 बोर का पिस्तौल और 5 कारतूस भी बरामद किए गए है।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान आकाश वासी प्रेेम नगर बोहड़ावाल बटाला को मामले में नामजद किया है। एसएसपी ने आगेे बताया कि पूछताश के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने यह माना है कि वह बटाला में कोई बड़ी वारदात करने की फिराक में थे। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी रजिंदर कुमार लाड्डा वासी बटाला और आकाश वासी प्रेम नगर बोहड़ावाल बटाला फरार हैं। लाड्डा पर एटीएम ब्रेक करने और मारपीट का मामला दर्ज है।