निजी अस्पताल और पुलिस का पुतला फूंका
घायल के मददगार के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप
पठानकोट। सड़क हादसे में घायल की मदद करने वाले के साथ निजी अस्पताल और पुलिस की ओर से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को शिवसेना समाजवादी के कार्यकर्ता सड़क पर उतर पड़े। कार्यकर्ताओं ने निजी अस्पताल और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। शिवसैनिकों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए निजी अस्पताल व पुलिस के पुतले जलाकर अपनी भड़ास निकाली।
प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर रहे शिवसेना समाजवादी के उत्तर भारत प्रमुख रवि शर्मा ने बताया बीते दिनों परमानंद के पास एक हादसा होने पर राहगीर जतिंदर निवासी ढाकी ने घायलों की मदद करते हुए उन्हें निजी अस्पताल में पहुंचाया था। उपचार के खर्च को लेकर जतिंदर और अस्पताल स्टाफ के बीच कहासुनी हो गई थी। जतिंदर ने आरोप लगाया था कि उपचार के खर्च को लेकर अस्पताल स्टाफ ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। पुलिस ने भी अस्पताल स्टाफ को शह देते हुए अपराधियों जैसा बर्ताव किया। इसके बाद शिवसेना समाजवादी ने जतिंदर के हक में आवाज उठाते हुए एसएसपी को मांग पत्र सौंप संबंधित अस्पताल और पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई करने की मांग की थी। इसके बाद भी कार्रवाई न होने के बाद शनिवार को शिवसेना समाजवादी सड़क पर उतर आई।
उत्तर भारत प्रमुख रवि शर्मा ने कहा कि यह एक निंदनीय घटना है कि घायल व्यक्ति की मदद करने वाले के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल स्टाफ ने पहले जतिंदर के साथ खराब बर्ताव किया। इसके बाद पुलिस ने भी स्टाफ पर मेहरबानी दिखाते हुए उल्टा जतिंदर के साथ अपराधियों जैसा सलूक किया। उन्होंने कहा कि मामला एसएसपी के ध्यान में लाये जाने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शिवसेना इस धक्केशाही को बर्दाश्त नहीं करेगी। शिवसेना जतिंदर को इंसाफ दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।