कर्ज से परेशान एक और किसान ने दी जान
तरनतारन। जिले के गांव चहल में कर्ज से परेशान एक किसान ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। 42 वर्षीय जगरूप सिंह के पास दो किले जमीन थी। उस पर करीब 6 लाख रुपये का कर्ज था। इसमें उसने दो लाख बैंक और बाकी पैसे आढ़तियों से कर्ज के तौर पर लिए थे।, जिन्हें वह नहीं चुका पा रहा था। जगरूप ने खेतों में प्रयोग होने वाली जहरीली दवा निगल ली। उसे इलाज लिए निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। गांव के सरपंच कुलविंदर सिंह ने बताया कि कर्ज न उतरने के कारण जगरूप सिंह काफी परेशान था। धान की बिजाई के लिए उसे खेतों में बिजली की सप्लाई नहीं मिल रही थी। थाना सराय अमानत खां पुलिस ने मृतक किसान के शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया, मामले की जांच की जा रही है।