लुधियाना। लुधियाना जिले में स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू और मलेरिया रोकथाम अभियान को तेज कर दिया है। इसके लिए कुल 425 टीमें बनाई गई हैं। शहरी क्षेत्रों में 25 विशेष टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें दवा का छिड़काव कर रही हैं, जो मच्छरों की संख्या घटाने और बीमारियों के फैलाव को रोकने के लिए आवश्यक है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 400 टीमें गठित की गई हैं जिनमें लगभग 1900 सदस्य शामिल हैं। इन टीमों में मेडिकल अधिकारी, कम्युनिटी हेल्थ अफसर (सीएचओ), मल्टीपरपज हेल्थ वर्कर, आशा वर्कर, एनजीओ और ब्लॉक एक्सटेंशन एजुकेटर शामिल किए गए हैं। ये टीमें हर शुक्रवार डेंगू पर वार अभियान के तहत सफाई अभियान चला रही हैं और खुले पानी को हटाने का कार्य कर रही हैं। इस कार्य में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता व पोषण समितियां और नर्सिंग छात्र भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ये टीमें छिड़काव के साथ घर-घर जाकर डेंगू और मलेरिया के लक्षण और रोकथाम उपायों से भी अवगत करवा रही हैं। सिविल सर्जन डॉ. रमनदीप कौर ने बताया कि यदि हर नागरिक सावधानी बरते तो डेंगू और मलेरिया के संक्रमण चक्र को तोड़ना संभव हैं। लक्षण नजर आने पर तुरंत अपनी चिकित्सीय जांच व उपचार करवाएं, जो सभी सरकारी अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में निशुल्क उपलब्ध है। संवाद