इराक में मारे गए भारतीयों के परिवारों की मदद करे केंद्र : जाखड़
बोले- सरकार असंवेदनशीलता का त्याग कर परिवारों की मांगों पर विचार करे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि केंद्र सरकार को इराक में मारे गए 39 भारतीयों के परिवारों की मांगों को सुनकर उनका समाधान करना चाहिए। इन पीड़ित परिवारों की मदद की जानी चाहिए।
गुरदासपुर से लोकसभा सदस्य जाखड़ सोमवार को नई दिल्ली में इन परिवारों से मुलाकात करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला भी मौजूद थे। जाखड़ ने कहा कि केंद्र सरकार को चाहिए कि वह इन पीड़ित परिवारों की भावनाओं को समझे और इनके जख्मों पर मलहम लगाए। वहीं केंद्र सरकार इनकी संवेदनाओं को समझने के बजाय पीड़ित परिवारों के घावों पर नमक लगाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि यह परिवार केंद्र सरकार से मिलकर अपनी पीड़ा के बारे में बताना चाहते हैं तो ऐसे में 5 व्यक्ति ही मिलने आए ऐसी शर्तें रखनी दुर्भाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में इन पीड़ित परिवारों के लिए हमदर्दी के दो बोल तक बोलने उचित नहीं समझे, जिससे इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की असंवेदनशीलता प्रकट होती है। जाखड़ ने कहा कि ये लोग रोजी रोटी के लिए विदेश गए थे और मारे गए भारतीयों में अलग-अलग राज्यों के लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसलिए इस संबंधी केंद्र सरकार को इन परिवारों की सहायता के लिए आगे आने चाहिए।
जाखड़ ने कहा कि जिस दिन विदेश मंत्री ने सदन में इन भारतीयों की मारे जाने की सूचना दी थी, अच्छा होता मोदी सरकार उसी दिन ही इनकी मदद करने की घोषणा कर देती तो इन्हें दिल्ली तक ना चल कर आना पड़ता। वहीं दिल्ली की असंवेदनशील सरकार आज इन परिवारों को दिल्ली में बुलाकर इनकी बात नहीं सुन रही है। वहीं लोकसभा में ऐसे मुद्दे ना उठ सके, इसलिए केंद्र सरकार सदन भी नहीं चलने दे रही है। जाखड़ ने कहा कि यदि इन परिवारों की सुनवाई नहीं हुई तो वे इन परिवारों के साथ सदन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
26जीडीआर7- परिवारों के साथ संवेदना व्यक्त करते सुनील जाखड़ तथा औजला
26जीडीआर8- मृतक के परिवारों के साथ सुनील जाखड़ा तथा औजला।