फसलों की कीमतों में मामूली वृद्धि किसानों से भद्दा मजाक: सुनील जाखड़
कहा, अकाली दल का किसान विरोधी चेहरा भी हुआ बेनकाब
डीजल की कीमतों में राहत नहीं देने पर साधा निशाना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान और गुरदासपुर से लोग सभा सदस्य सुनील जाखड़ ने केंद्र सरकार की तरफ से खरीफ की फसलों की कीमतों में किए न्यूनतम मूल्य वृद्धि को अपर्याप्त बताते हुए इसे किसानों के साथ भद्दा मजाक करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अकाली दल के स्टैंड ने पार्टी का भी किसान विरोधी चेहरा सामने ला दिया है।
जाखड़ ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार तो 2014 से ही किसानों के साथ धोखा करती आ रही है लेकिन हमेशा ही किसान हितों की दुहाई देने वाले अकाली दल ने भी केंद्र सरकार में एक मंत्री पद के लालच में किसानों के हित बेच दिए हैं। जब केंद्र में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार थी तो यही प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर सिंह बादल हर साल केंद्र की तरफ से फसलों की कीमतों में किए वृद्धि को अपर्याप्त बताते थे। अब जब पिछले 4 सालों से उनकी हिस्सेदारी वाली सरकार सत्ता में है तो भी अभी तक धान का भाव 1800 तक नहीं पहुंच सका है। उन्होंने कहा कि एमएसपी के मुद्दे पर अकाली दल का अब का स्टैंड पूरी तरह के साथ किसानों के साथ धोखा है।
जाखड़ ने कहा कि डीजल पिछले 1 साल में ही 15 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। ऐसे में फसलों की कीमतों में पर्याप्त विस्तार तो डीजल की कीमतों में हुए वृद्धि की भरपाई करने के लिए भी काफी नहीं है।