गन्ना काश्तकारों की समस्या का निपटारा
डीसी ने कीड़ी अफगाना गन्ना मिल को 30 अप्रैल को सुबह 6 बजे तक चलाने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
गन्ना काश्तकारों की समस्याओं का समाधान करते हुए डिप्टी कमिश्नर गुरलवलीन सिंह सिद्धू ने 30 अप्रैल सुबह 6 बजे तक चीनी मिल कीड़ी अफगाना को चलाने के निर्देश जारी किए। साथ ही डीसी ने कहा कि फिर भी गन्ना काश्तकारों की फसल बकाया रह जाएगी तो उन्हें शुगर मिल मुकेरियां भेज दिया जाएगा।
डीसी ने बताया कि विगत दिनों कई किसान यूनियन के प्रतिनिधि उनसे मिले थे। प्रतिनिधियों ने जिला में गन्ना काश्तकारों की फसल अभी काफी बची है। इसलिए प्राइवेट गन्ना मिल को गन्ना पीड़ने के निर्देश दिए जाए। इस पर गन्ना मिल व संबधितअधिकारियों से बातचीत करके किसानों की इस समस्या का समाधान कर दिया और 30 अप्रैल सुबह 6 बजे तक चीनी मिल कीड़ी अफगाना को चलाने के निर्देश जारी किए। जिलाधीश ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों की हर समस्या का प्राथमिकता पर समाधान करने के लिए वचनबद्ध है और किसानों को कोई मुश्किल पेश नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गन्ना काश्तकारों की फसल पीड़ने संबंधी कोई मुश्किल नहीं आने दी जाएगी।
जिलेमें अभी भी काफी किसानों का गन्ना खेतों में खड़ा है जिसे पीड़ने से पूर्व ही चीनी मिल कीड़ी अफगाना ने किसानों के मोबाइलों पर मैसेज भेजकर मिल बंद करने की सूचना दी थी। इस कारण कुछ किसान संगठनों ने डीसी को मांग पत्र देकर इस मामले में कार्रवाई करने के लिए कहा था। इस पर डीसी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित चीनी मिल के अधिकारियों व कृषि विभाग से अधिकारियों को बुलाकर चीनी मिल कीड़ी को 30 अप्रैल तक चलाने का निर्देश दिया। डीसी ने बताया कि संबंधित गन्ना काश्तकार 30 अप्रैल से पूर्व इस मिल में अपनी फसल लेकर जाए। उन्होंने किसानों का आश्वासन दिया कि किसी भी गन्ना काश्तकार को कोई मुश्किल पेश नहीं आने दी जाएगी।