‘सहायक धंधों को सरकार दे रही प्रोत्साहन’
देसी गायों की नस्ल सुधार के लिए 35 करोड़ की लागत से बनेगा सेंटर आफ एक्सीलेंस: विधायक पाहड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। हल्का विधायक गुरदासपुर बरिन्द्रमीत सिंह पाहड़ा ने मंगलवार को कहा राज्य सरकार खेती के सहायक कारोबार को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि देसी गायों के नस्ल सुधार के लिए लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर आफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा, जिसमें ब्राजील की आधुनिक टेक्नालाजी का सहयोग लिया जाएगा। विधायक यहां पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
विधायक पाहड़ा ने बताया कि फसली विभिन्नता प्रोग्राम अधीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से पशु पालन व डेयरी फार्मिंग के कारोबार से किसानों को जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसानों की आमदनी में स्थाई तौर पर बढ़ोतरी की जा सके। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से देश में 5 सेंटर आफ एक्सीलेंस स्थापित किए जा रहे है, एक केन्द्र पंजाब में खुलेगा।
उन्होंने बताया कि यह केंद्र, जहां देसी गायों की नस्ल सुधार के लिए लाभप्रद होगा, वहीं नवीनतम टेक्नालाजी से ब्रीडिंग, आईवीएफ, सेक्स स्टोरड सीमन का उत्पादन और माहिरों की ओर से स्टाफ को आधुनिक तकनीकों व विधियों के बारे में ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ब्राजील में भारत की देसी गायों गीर, कनकरेंज, लाल सिंधी व ओनगेल नस्ल की गायों की नस्लों में सुधार किया गया और अब गीर 86 लीटर दूध प्रति दिन, कनकरेज 60 लीटर, लाल सिंधी 50 लीटर व ओनगेल नस्ल 41 लीटर दूध दे रही हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार नेब्राजील के कृषि माहिरों से बैठक की है।