शहीद संदीप की पत्नी को मिलेगी सरकारी नौकरी
शहीद के परिवार से मिलने पहुंचे सांसद जाखड़ और कैबिनेट मंत्री रंधावा
बनेगा यादगारी गेट, गांव कोटला खुर्द को आने वाली सड़क का नव निर्माण व एक्सग्रेशिया ग्रांट देने की घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान और सांसद सुनील जाखड़ और कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा रविवार को शहीद संदीप सिंह के निवास स्थान गांव कोटला खुर्द में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ गहरा दुख व्यक्त किया। इस दौरान शहीद की पत्नी को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया गया।
इस मौके पर सांसद जाखड़ ने कहा कि शहीद संदीप सिंह ने देश की खातिर शहीदी का जाम पिया, जिस पर हमें गर्व है। कैबिनेट मंत्री रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार इस दुख के समय में परिवार के साथ है। उन्होंने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की तरफ से परिवार से दुख साझा किया और कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शहीद संदीप सिंह के नाम पर शहीद यादगारी गेट बनाया जाएगा। शहीद की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाएगी। गांव कोटला खुर्द को आने वाली सड़क को 18 फुट चौड़ा किया जाएगा। एक्सग्रेशिया ग्रांट 12 लाख रुपये देने के अतिरिक्त हर तरह की आर्थिक सहायता की जाएगी। इस अवसर पर बाबा अमरीक सिंह निक्के घुम्मणां वाले, तहसीलदार अरविंद सलवान, एक्सईएन पीडबल्यूडी हरजोत सिंह, शहीद सैनिक परिवार सुरक्षा परिषद गुरदासपुर व पठानकोट के महासचिव कुंवर रविन्द्र सिंह विक्की, कंवलजीत सिंह टोनी और तरसेम सिंह घुम्मण उपस्थित थे।
30जीडीआर1,2-शहीद के परिवार से दुख व्यक्त करते हुए जांखड़ व रंधावा।