नौकरानी की हिम्मत ने नाकाम की लूट की कोशिश
एक लुटेरे को धक्का मारकर दौड़कर अंदर का दरवाजा किया बंद, मचाया शोर
आरोपियों ने गले पर रखी थी दातर, फिर दिखाई सूझबूझ
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला।
डायमंड कालोनी की एक कोठी में सोमवार को दिनदहाड़े चार नकाबपोश हथियारबंद युवकों ने लूट की कोशिश की। घर की नौकरानी की फुर्ती और साहस के कारण लुटेरे अपने मनसूबों में कामयाब नहीं हो पाए।
सोमवार को जब चारों नकाबपोश उनकी कोठी में आए तो बाहर का दरवाजा खोलते हुए नौकरानी के गले पर दातर रखकर चुप रहने को कहा। नौकरानी ने एक नकाबपोश युवक को धक्का दे दिया। वह शोर मचाते हुए घर के अंदर चली गई और अंदर का दरवाजा बंद कर लिया। इससे घबराकर चारों चोर भाग निगले।
घर के मालिक सुदर्शन अग्रवाल निवासी डायमंडल कालोनी ने बताया कि दोपहर के समय उनके घर में उनकी तीन बहुएं और दौ नौकरानियां थीं। तभी कोठी की घंटी बजी तो एक नौकरानी ने बाहर जाकर दरवाजा खोला। चार नकाबपोशों में से एक युवक ने उसके गले पर दातर रख दिया और उसे चुपचाप उसके साथ ही अंदर जाने के लिए कहा। जब नौकरानी लौबी से होते हुए अंदर जाने लगी तो उसने बड़ी होशियारी के साथ उस नकाबपोश को धक्का मार दिया और शोर मचाते हुए घर के अंदर जाकर दरवाजा बंद कर दिया। शोर मचाने से बदमाश घबरा गए और भाग निकले।
सुदर्शन अग्रवाल ने बताया कि उनकी नौकरानी के कारण आज उनके घर में एक बड़ी वारदात होने से बच गई है। उन्हें पूरा यकीन है कि वह नकाबपोश उनके घर में लूट के इरादे से ही आए थे। वहीं, इस मामले संबंधी कोई भी पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है। मौके पर सिटी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची लेकिन घरवालों के कार्रवाई करवाने से इंकार पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।