गुरदासपुर। धोखे से एटीएम के माध्यम से बैंक खाते से 2 लाख 50 हजार उड़ा कर ले जाने वाले 2 लोगों के खिलाफ थाना दीनानगर की पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में वीर कुमार निवासी तारागढ़ी गेट ने बताया कि वह एक्सिस बैंक के एटीएम से पैसे निकलवाने गए थे। जहां पर दो लोग आ धमके। एक ने कहा कि आपके कोड का चौथा अक्षर मशीन पर शो नहीं हो रहा। इसलिए दोबारा से कोड लगाएं। जब उन्होंने दोबारा से कोड लगाया तो दोनों ने उसे नोट कर लिया। इसके बाद आरोपी ने कहा कि वह खुद ही कार्ड लगाकर देखते हैं। उन्होंने उनके एटीएम कार्ड से पैसे निकलवाने का भी प्रयास किया। पैसे न निकलने पर आरोपियों ने कार्ड वापस कर दिया। जब उन्होंने एचडीएफसी बैंक पहुंचकर एटीएम कार्ड चेक कराया तो बैंक मैनेजर ने कहा कि यह कार्ड आप का नहीं है। खाता चेक करने पर पता चला कि तीन ट्रांजेक्शन के जरिये 249997 रुपये निकलवाए गए हैं। पैसे पीओएस मशीन से स्वैप हुए हैं। यह मशीन वन 97 कम्युनिकेशन लिमिटेड कंपनी के मालिक निरवैर सिंह के नाम पर है। पुलिस ने आरोपी निरवैर सिंह निवासी संत नगर, सिरसा व दो अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। संवाद