सूबा सरकार श्रमिकों की विरोधी: भामस
22 से 27 तक धरने पर बैठेंगे भारतीय मजदूर संघ के सदस्य
जिला कार्यालय पहुंचे प्रदेश उपाध्यक्ष चरणजीत ने जताया रोष
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। भारतीय मजदूर संघ की बैठक जिला कार्यालय में सुरिंद्र सिंह लहरी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर चरणजीत सिंह व पठानकोट विभाग प्रमुख ओपी वर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान कर्मचारियों को आ रही समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया और नई इकाइयां गठित करने का भी विचार किया गया। साथ ही प्रदेश सरकार पर मजदूर विरोधी होने का आरोप लगाकर नारेबाजी की गई।
बैठक में ओपी वर्मा ने कहा कि 22 से 27 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर धरना दिया जाएगा और जिलाधीश के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांग पत्र दिया जाएगा। मांगे न माने जाने की स्थिति में 19 दिसंबर को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने बताया पटियाला में होने वाले दो दिवसीय अभ्यास वर्ग के लिए कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि सूबा सरकार कर्मचारियों के हितों की लगातार अनदेखी कर रही है।
सरकार ने जनवरी 2017 से जुलाई 218 तक की महंगाई भत्तों की किस्तें जारी नहीं की हैं, पे कमीशन रिपोर्ट का कोई अता-पता नही है, बिजली बिलों में बढ़ोतरी कर जनता को तंग किया जा रहा है और सरकार कुंभकरणी नींद सो रही है। इस अवसर पर दिनेश , अमित महाजन, गुरनाम सिंह, विजय,बलवान सिंह, थूडू राम, सेानिया, मनजीत कौर, बूटा सिंह, मुनीष शर्मा, अशोक कुमार, मनोहर कलोत्रा, राहुल शर्मा, बरिन्द्र सिंह उपस्थित थे।