जंगलात दी जमीन ते माइनिंग करन वालेयां नूं टंग देयांगे: वन मंत्री
कहा-कैप्टन पंजाब को तंदरुस्त बना रहे, बादलों ने अपना परिवार तंदरुस्त किया
वन विभाग की ओर से कराए वन महोत्सव में केबिनेट मंत्री साधू सिंह धर्मसोत पहुंचे पठानकोट
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि जंगलात दी जमीन ते माइनिंग करन वालेयां नूं टंग देयांगे। अगर कोई व्यक्ति वन विभाग की जमीन पर माइनिंग करता पाया गया तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कैप्टन साहब पंजाब को तंदरुस्त बना रहे हैं, जबकि बादलों ने अपने परिवार को तंदरुस्त किया। सारे पंजाब की तिजोरियां खाली कर बादलों ने अपनी तिजोरियां भरी हैं। यह बात पंजाब के वन मंत्री साधू सिंह धर्मसोत ने पठानकोट के एव्लॉन स्कूल में वन विभाग की ओर से कराए वन महोत्सव कार्यक्रम में दिए भाषण में कही। इससे पहले धर्मसोत ने स्कूल प्रांगण में पौधारोपण किया और शहर के लोगों को पौधे बांटे। कार्यक्रम में पठानकोट विधायक अमित विज, भोआ विधायक जोगिंद्र पाल, डीसी रामबीर और डीएफओ डॉ. संजीव तिवारी भी पहुंचे। स्कूल के ऑडिटोरियम में लोगों को संबोधित करते हुए धर्मसोत ने अकाली दल पर आरोपों की झड़ी लगा दी। कहा, पंजाब में 80 के दशक में फैला आतंकवाद राजनीतिक लोगों की सोच थी। पंजाब को 12 साल तक जलता छोड़ खुद हरियाणा में चले गए और बच्चों को पढ़ने के लिए अमेरिका भेज दिया। 40-40 लाशें एक बार में जलाई जाती थी, 25 हजार के ज्यादा लोग मारे गए। शांति बहाल करने में कांग्रेस के सीएम बेअंत सिंह सहित 2500 लोगों ने शहादत दी। फिर सत्ता में आए अकालियों ने पंजाब में 10 साल राज कर गैंगस्टर पैदा किए। अकालियों ने रेत, शराब, कॉलोनी, ट्रांसपोर्ट समेत सारे पंजाब को कब्जे में लिया और व्यापारियों को फेल कर दिया। गैंगस्टरों के दम पर अकालियों ने पंजाब को लूटा और पीटा। मोदी ने झूठे जुमलों के दम पर सरकार बनाई और किसानों का 50 हजार से अधिक का कर्ज माफ नहीं किया। जबकि इसके उलट सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2 लाख तक कर्ज माफ किया। डेढ़ लाख नौजवानों को सरकारी और गैरसरकारी नौकरियां दी। पंजाब में जब कांग्रेस आई तो खजाने खाली थे, पंजाब पर 2.60 लाख करोड़ का कर्ज था, जिसे अब कम किया जा रहा है।
विधायक विज ने मांगे 10 हजार पौधे, धर्मसोत बोले गारंटी दो खराब नहीं होंगे
हलका पठानकोट विधायक अमित विज ने कहा कि शहर के आउटर एरिया में काफी पौधे हैं, लेकिन शहरी एरिया में जरूरत के मुताबिक पौधे नहीं हैं। शहर के लिए 7-8 फुट ऊंचे सजावटी पौधे दिए जाएं, ताकि शहर सुंदर दिखे और वायु प्रदूषण का असर कम हो। जिस पर धर्मसोत ने कहा कि वह यमुनानगर से पौधे मंगाएंगे और पठानकोट की हर डिमांड पूरी करेंगे, लेकिन उन्हें गारंटी चाहिए कि एक भी पौधा खराब न होने पाए। अगर पठानकोट में पौधे लगेंगे तो उनका ध्यान भी रखना होगा। अमित विज ने कहा कि जिला प्रशासन, वन विभाग, नगर सुधार ट्रस्ट और नगर निगम के अधिकारी मिलकर एक ही प्रपोजल बनाकर भेजेंगे। वहीं हलका भोआ के विधायक जोगिंद्र पाल ने कहा कि उनका हलका गरीब है, पंजाब सरकार अधिक से अधिक फंड मुहैया कराएं।
स्वागत गीत नहीं कोई देशभक्ति गीत हो तो ही कराएं
वन मंत्री के स्वागत के लिए एव्लॉन स्कूल की छात्राओं ने स्वागती गीत पर नृत्य की तैयारी की थी पर जैसे ही छात्राएं अपनी ड्रेस में स्टेज पर पहुंची तो मंत्री धर्मसोत ने कहा कि अगर कोई देशभक्ति का गीत है तो ही कराएं अन्यथा रहने दें। जिसके बाद स्टेज संभाल रहे वन विभाग के अधिकारी ने छात्राओं को वापस भेज दिया।
स्कूली छात्राओं से उठवाए बैंच
फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की ओर से कराए कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं से बैंच उठवाए गए। ऑडिटोरियम में डेस्क कम पड़े तो टीचर्स ने क्लास रूम में पड़े बैंच छात्राओं को उठाकर लाने को कहा। वहीं ऑडिटोरियम में बैठी छात्राओं के लिए पानी का इंतजाम तक नहीं था, जबकि कार्यक्रम में आए नेताओं और अफसरों के लिए पानी का प्रबंध किया गया था। छात्राओं को पानी पीने के लिए स्कूल कैंपस में ही जाना पड़ा।
फोटोऱ्-2-एव्लॉन स्कूल की ग्राउंड में पौधारोपन करते साधू सिंह धर्मसोत व अन्य।
फोटोऱ्-2-कक्षा से बैंच उठाकर ऑडिटोरियम में लेकर जाती छात्राएं।