परीक्षा में पास न होने पर छात्रा ने निगला जहर, मौत
12वीं कक्षा में फेल होने से आहत थी गुरदासपुर की छात्रा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
पुलिस स्टेशन सिटी के अंतर्गत मोहल्ला प्रेम नगर की एक छात्रा ने 12वीं कक्षा में फेल होने से आहत होकर जहरीली दवा निगल ली। उसकी अमृतसर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान नेहा निवासी गुरदासपुर के तौर पर हुई है। पुलिस ने शव को वारिसों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नेहा ने बाहरवीं कक्षा की परीक्षा दी थी, लेकिन 23 अप्रैल को आए परीक्षा परिणाम में वह फेल हो गई। इससे नाराज होकर उसने मंगलवार को जहरीली दवा निगल ली। उसे पारिवारिक सदस्यों ने पहले एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया, लेकिन चिंताजनक हालत के मद्देनजर डॉक्टरों ने नेहा को अमृतसर के अस्पताल में रेफर कर दिया। वहां पर उसकी मौत हो गई। इस संबंध में पुलिस स्टेशन सिटी इंचार्ज शाम लाल ने बताया कि पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।