350 पाकिस्तानी वीजा में 160 वीजा पर मिली थी मंजूरी
पाइटैक्स मेले में इस बार नहीं लगे पाकिस्तानी स्टाल
7 से 11 दिसंबर चलेगा मेला, कैप्टन करेंगे आज शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
अमृतसर।
पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो (पाइटैक्स) मेले में अभी तक पाकिस्तानी स्टॉल नहीं लगे हैं। मेले में आने के लिए पंजाब सरकार ने पाकिस्तान के 350 लोगों को वीजा देने के लिए पाकिस्तान स्थित भारतीय दूतावास कार्यालय भेजे गए थे, जहां 160 लोगों को वीजा दिया गया। लेकिन बुधवार शाम तक कोई भी पाकिस्तानी स्टॉल नहीं लग पाया है। कल वीरवार को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह मेले का शुभारंभ करेंगे। यह मेला सात दिसंबर से 11 दिसंबर तक चलेगा। जिसमें दुनिया के कई मुल्क के व्यापारियों का स्टॉल लगा रहे हैं। पाइटैक्स मेले का शुभारंभ 2005 में पहली बार तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किया था। 12 वर्षों में दूसरी बार कैप्टन पाइटैक्स मेले में कल शिरकत करेंगे।
मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार के प्रेस कांफ्रेस में डीसी कमलदीप सिंह संघा ने बताया कि यह मेला पंजाब में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर देने के लिए लगाया जाता है। पहली बार डिफेंस व एयरफोर्स के तरफ से स्पेशल स्टॉल लगाए जा रहे हैं जिनमें बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने का मकसद है।
पाइटैक्स मेले के संचालक टीम के आरएस सचदेवा कहते हैं कि पाकिस्तान के 350 व्यापारियों को वीजा देने के लिए भारत सरकार ने पाकिस्तान हुकूमत को लिखा था, जिसमें मात्र 160 वीजा मिले थे, लेकिन अभी तक मेले में कोई पाकिस्तानी नहीं पहुंचा है।
जीएसटी का कोई फर्क नहीं पड़ेगा मेले पर
मेले के संचालक कमेटी के मुखिया आरएस सचदेवा कहते हैं कि जीएसटी का कोई फर्क नहीं पड़ेगा। पिछली बार नोटबंदी के एक महीने बाद ही मेला लगा था, तब मेले में नोटबंदी से निपटने के लिए एटीएम मशीनें लगाई गई थी। इस बार जीएसटी को लेकर जो हौव्वा बनाया जा रहा है, मेले पर उसका कोई फर्क पड़ता नजर नहीं आ रहा है। मेले में साढ़े सात सौ से अधिक स्टॉल लगाए जा रहे हैं।
25 व्यापारिक समझौते होंगे मेले में
मेले में इस बार देश-विदेश की कंपनियों के साथ 25 अलग-अलग समझौतें होंगे। पंजाब के व्यापार को बढ़ावा देने के लिए यह समझौते किए जा रहे हैं। मेले में इस बार कोई भी अपना प्रोडक्ट की नुमाइश करने के लिए तुरंत रजिस्ट्रेशन करवा सकता है। अमृतसर व पंजाब का खान-पान मेले का मुख्य आकर्षण केन्द्र रहेगा।