संवाद न्यूज एजेंसी
खडूर साहिब। मुरादपुरा में सोमवार को करनबीर सिंह नामक युवक की मौत हो गई। मौत का कारण नशे का टीका लगाना बताया जा रहा है। परिवार का कहना है कि वे तब तक बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे, जब तक पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं करती। उधर, पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपी गिरफ्त में होंगे।
तरनतारन शहर के क्षेत्र मुरादपुरा निवासी जगजीत सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी कमलजीत कौर लोगों के घरों में सफाई का काम करती है। उनके तीन बेटे करनबीर सिंह, हरजीत सिंह, गगनदीप सिंह हैं। 19 वर्षीय बड़े बेटे करनबीर सिंह ने मैट्रिक पास की, करीब साढ़े तीन वर्ष से वह गलत संगत का शिकार होकर नशे का आदी हो गया।
पिता जगजीत सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह वह सब्जी की रेहड़ी लेकर घर से निकला, तब पड़ोसियों ने आवाज देकर बताया कि करनबीर सिंह ने नशे का टीका लगा लिया है व बेहोश हो गया है। बिना देरी निजी डाॅक्टर को बुलाया तो उन्होंने बताया कि गुप्तांग पर नशे का टीका लगाने से करनबीर की मौत हुई है। इससे घर में मातम पसर गया। करनबीर के माता-पिता व भाइयों का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जाहिर किया व कहा कि करनबीर सिंह का तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे, जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती। थाना सिटी के प्रभारी रंजीत सिंह कहते हैं कि मामले की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा।
करनबीर सिंह (फाइल फोटो)