बटाला में 16 किले गेहूं जला
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। रीपर से तूड़ी बनाते वक्त निकली चिंगारी के कारण गांव संगरावां के 5 किसानों की करीब 16 किले गेहूं की फसल और पांच किले नाड़ जल गई। किसानों और स्थानीय लोगों ने और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया। वहीं, मौके पर संबंधित पटवारी बख्शीश सिंह और थाना रंगड़ नंगल की पुलिस ने घटना का जायजा लिया।
किसान परमजीत सिंहनिवासी संगरावां ने बताया कि उनके गांव के साथ ही गांव बहादरहुसैन में खेत में रिपर से तूड़ी बनाने का काम चल रहा था। मशीन से निकली चिंगारी के कारण साथ लगते खेतों में उनकी गेहूं की फसल को आग लग गई। आग ने आसपास की फसलों को भी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोग और किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ रुटावेटर, तवियां आदि लगाकर आग पर काबू पाने लगे। वहीं, फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया गया, जिसकी एक गाड़ी भी आग बुझाने में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। परमजीत सिंह ने बताया कि आग लगने के कारण उनकी करीब ढाई किले, केवल सिंह की 5 किले फसल , सुखजीत सिंह की 5 किल्ले नाड़ जली है, हरदयाल सिंह की ढाई किले फसल, गुरदयाल सिंह की 6 किले फसल जलक कर राख हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पटवारी बख्शीश सिंह, नंबरदर सुखविंदर सिंह, सतनाम सिंह और थाना रंगड़ नंगल की पुलिस ने घटना का जायजा लिया।