550वें प्रकाश पर्व पर सुल्तानपुर लोधी पहुंचेगी अमेरिकन संगत: डॉ. रूप सिंह
लॉस एंजल्स में हुए धार्मिक समागम में डॉ. रूप सिंह को किया गया सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
अमृतसर। श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा सुल्तानपुर लोधी में स्थित गुरुद्वारा बेर साहिब में आयोजित धार्मिक समागम
में भाग लेने के लिए अमेरिका से कई सिख संस्थाओं के साथ जुड़ी संगत पहुंचेगी। लॉस एंजल्स में 22 गुरुद्वारा कमेटियों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित समागम में भाग लेने के बाद एसजीपीसी के चीफ सेक्रेटरी डॉ. रूप सिंह ने मीडिया को यह जानकारी दी। डॉ. रूप सिंह के अनुसार हरभजन सिंह योगी द्वारा स्थापित सिख धर्म इंटरनेशनल की मुखिया बीबी इंदरजीत कौर ने लॉस एंजल्स की सभी गुरुद्वारा कमेटियों के साथ मीटिंग कर श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर सुल्तानपुर लोधी में आयोजित धार्मिक समागम में भाग लेने का कार्यक्रम बनाया है। रूप सिंह ने इस अवसर पर अमरीकन संगत के साथ खालसा स्थापना दिवस की एतिहासिक महता व विचारधारा के प्रभाव के बारे में अपने विचार रखे। समागम के दौरान भाई सदासत सिमरन सिंह, गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब के पूर्व हेड ग्रंथि ज्ञानी रंजीत सिंह, भाई कीर्तन सिंह व शहर के 22 अलग-अलग गुरुद्वारों के रागी सिंहों ने संगत को गुरबाणी कीर्तन के साथ संगत को जोड़ा। इस अवसर पर अमरीकन संसद सदस्य शरमन ने 26 जनवरी को कैपिटल हिल वाशिंगटन में लहराए गए पंथक झंडे के सम्मान के रूप में डॉ. रूप सिंह को प्रमाण पत्र के साथ सम्मानित किया। यह झंडा विशेष अवसरों पर खास व्यक्तियों को देने की परंपरा है। डॉ. रूप सिंह ने सांसद शरमन को श्री हरमंदिर साहिब पर लिखी अपनी पुस्तक भी भेंट की। इस अवसर पर डॉ। रूप सिंह ने कहा कि खालसा स्थापना दिवस पर लॉस एंजल्स में संगत सामूहिक समागम का आयोजन कर एकजुटता का परिचय देती है। इस अवसर लॉस एंजल्स के मेयर हेर्री सिद्धू, रौनक सिंह व कुलबीर सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।