इराक में मारे गए राकेश कुमार के परिजनों को दिए पांच लाख
अमर उजाला ब्यूरो
कादियां (गुरदासपुर)।
इराक में पैसे कमाने गए कादियां के राकेश कुमार के मरणोपरांत उनकी अस्थियों के संस्कार के बाद शनिवार को उनके निवास पर पहुंचकर विधायक फतेहजंग सिंह बाजवा ने पांच लाख रुपये का चेक भेंट किया।
बाजवा ने बताया कि इराक में आतंकियों की ओर से मारे गए राकेश कुमार के परिजनों को प्रदेश सरकार की ओर से वादे के अनुसार वित्तीय सहायता दी गई है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार इराक में मारे गए युवाओं के परिवारों को हर किस्म की सहायता देने के लिए वचनबद्ध है। मृतक राकेश के पिता मदन लाल ने विधायक से उनके परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने की भी मांग की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की नीतियों के अनुसार उनके पारिवारिक सदस्य को नौकरी अवश्य मिलेगी। मदन लाल ने यह भी बताया कि जब इराक में सभी नौजवान लापता हो गए थे तो देश में सभी युवकों के परिजनों को 20 हजार रुपये मासिक राशि दी जाती थी लेकिन उन्हें कोई पैसा नहीं मिला। उन्होंने मांग की कि उन्हें भी पिछले राशि मुहैया करवाई जाए। एसडीएम बटाला रोहित गुप्ता ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से राकेश कुमार की माता भिंदर के नाम पर पांच लाख की वित्तीय सहायता भेजी गई थी जिसकी राशि चेक के माध्यम से रिलीज कर दी गई है। भविष्य में और भी जो आर्थिक सहायता होगी वह भी रिलीज की जाएगी। मौके पर उनके साथ नायब तहसीलदार अमरजीत सिंह, पार्षद जोगिंद्रपाल नंदू, एसएचओ सुदेश कुमार, भूपिंद्र सिंह विट्टी, पटवारी जगजीत सिंह मौजूद थे।
12जीडीआर1-विधायक फतेहजंग ङ्क्षसह बाजवा पीड़ित परिवार को पांच लाख का चैक भेंट करते हुये उनके साथ हैं नायब तहसीलदार अमरजीत सिंह व अन्य