पनबस वर्करों ने ट्रांसपोर्ट मंत्री का पुतला फूंका
4500 वर्कर आज दीनानगर में करेंगे चक्का जाम
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। पंजाब रोडवेज पनबस कांट्रेक्ट वर्कर्स यूनियन ने सोमवार को एक दिवसीय हड़ताल करके रोष जताया। वर्करों ने बटाला बस अड्डे में ट्रांसपोर्ट मंत्री का पुतला जलाकर नारेबाजी की।
संगठन के प्रादेशिक जनरल सचिव बलजीत सिंह गिल्ल, परमजीत सिंह कोहाड़ और पंजाब रोडवेज डिपो बटाला के प्रधान प्रदीप कुमार ने संयुक्त रूप में बताया कि सरकार ने उनको 2007 में भर्ती किया था। अब तक न तो सरकार ने उन्हें नियमित किया है और न ही उनके वेतन में कोई बढ़ोतरी की है। सरकार के इस रवैये से तंग आकर पनबस वर्कर लंबे समय से गेट रैलियां, धरने और हड़तालें कर रहे हैं लेकिन सरकार उनकी मांगों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। मांगों को लागू करवाने के लिए सोमवार को हड़ताल करके बटाला अड्डा बंद करवाकर ट्रांस्पोर्ट मंत्री का पुतला जलाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार उनके सब्र की परीक्षा ले रही है।
मंगलवार को 4500 वर्कर ट्रांसपोर्ट मंत्री के हलका दीनानगर में प्रदर्शन करेंगे औैर पूरा दिन हाईवे को जाम किया जाएगा। इसके अलावा पूरे पंजाब के 18 रोडवेज डिपो रोष पूर्वक बंद रखे जाएंगे। इसके बाद 18 जुलाई को पूरे पंजाब की बसें बंद की जाएंगी औैर प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके बावजूद भी अगर सरकार अपनी कुंभकरणी नींद से न जागी तो उनके द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल करके रोडवेज डिपो बंद रखे जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी पंजाब सरकार की होगी। मौके पर राजिंदर गोराया, रशपाल सिंह, रंजीत सिंह, जगदीश भंडाल, मनजीत सिंह, सुखजिंदर सिंह, संजीव कुमार, कुलविंदर सिंह, भूपिंदर सिंह उपस्थित थे।
फोटो- 16जीडीआरबीटीएलपी01
कैप्शन- बटाला में हड़ताल के दौरान ट्रांस्पोर्ट मंत्री का पुतला फूंक कर नोबाजी करते हुए पनबस वर्कर।