कनाडा खालिस्तान को नहीं देता है सहयोग: कैप्टन
कनाडा के दो मंत्रियों के खालिस्तान पर दिया बयान सराहा
अमर उजाला ब्यूरो
अमृतसर।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कनाडा कभी भी खालिस्तान को मदद नहीं देता रहा है। वहां के दो मंत्रियों का खालिस्तान पर दिया गया बयान सराहनीय है। कनाडा की ओर से खालिस्तान की लहर से कोई संबंध नहीं होने के बयान के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो के साथ होने वाली बातचीत पंजाब के लिए लाभदायक होने की उम्मीदों की संभावना बनी है।
कैप्टन ने कहा कि हाल ही में कनाडा के रक्षामंत्री हरजीत सिंह सज्जन और प्राथमिक ढांचा मंत्री अमरजीत सिंह सोही ने खालिस्तान के मुद्दे पर दिए स्पष्टीकरण के बाद उम्मीद बढ़ी है कि जस्टिन ट्रुडो के साथ पंजाब और कनाडा की सकारात्मक संबंधों पर बात और बेहतर हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सज्जन और सोही द्वारा दिए बयान कि वे कभी भी खालिस्तान के समर्थक नहीं रहे, ने स्पष्ट किया है कि कनाडा के प्रधानमंत्री और उनकी सरकार अपनी धरती से भारत विरोधी कार्रवाइयां करने की इजाजत कभी नहीं देगी।
10.25 लाख किसानों की खेती का कर्ज माफ होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वो राज्य के 10.25 लाख किसानों की खेती का कर्ज माफ करने के लिए कृतसंकल्प है। पंजाब के किसानों का हित सरकार की पहली प्राथमिकता है। किसानों को सरकार हर मायने में तव्वजों दे रही है और देती रहेगी।
कैप्टन खुश थे, सिद्धू को कांग्रेसी नेता ने कहा
मंच पर सिद्धू व कैप्टन साथ-साथ थे तो वहीं कार्यक्रमों में एक साथ नजर आए। सिद्धू-कैप्टन के बीच दूरियां कितनी दूर और नजदीकियां कितनी करीब हैं यह वक्त बताएगा लेकिन नवजोत सिंह सिद्धू जब किला गोबिंद गढ़ से कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ मंच सांझा करके लौट रहे थे तो उनसे एक कांग्रेसी नेता ने कहा कि आज कैप्टन खुश लग रहे थे, आपसे बातें भी कर रहे थे।