‘चहेते को मेयर बनाने की ख्वाहिश’
विधायकों में मेयर, डिप्टी मेयर व सीनियर डिप्टी मेयर को लेकर हो सकता है घमासान
अमर उजाला ब्यूरो
अमृतसर।
नगर निगम चुनावों में हर विधायक अपना जोर अपने पार्षदों को जिताने पर लगा रहा है। यही वजह है कि नगर निगम का मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर या फिर डिप्टी मेयर कौन होगा, इस पर कयास लगाए जाने लगे हैं। हालांकि सियासत में सौदेबाजी तय है।
माना जा रहा है कि मेयर पद पर विधायक ओम प्रकाश सोनी के भतीजे विकास सोनी या फिर विधायक सुनील दत्ती की भाभी ममता दत्ता (पंजाब कांग्रेस महिला प्रधान) का नंबर लग सकता है। वैसे तो मेयर बनने के कई दावेदार हैं लेकिन मेयर बनने के लिए विधायकों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में इन दो विधायकों के प्रस्ताव पर कांग्रेस हाईकमान मंजूरी दे सकती है। डिप्टी मेयर के लिए एससी कोटे से प्रमोद बबला का नाम चल रहा है। प्रमोद बबला विधायक डॉ. राजकुमार के खासमखास हैं। ऐसे में उनका नंबर डिप्टी मेयर के लिए लग सकता है। प्रमोद बबला पार्षद चुनाव जीतते हैं तो उनका डिप्टी मेयर बनना तय है।
चुनावी रैली में विधायक डॉ. राजकुमार वेरका ने घोषणा कल ही कर दी है कि प्रमोद बबला को पार्षद से ऊंची तीन कुर्सियों में एक में आसीन करवाया जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि चुनाव जीतने पर प्रमोद बबला का डिप्टी मेयर बनना तय है। नगर निगम के पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर अवतार सिंह ट्रकावाला व डिप्टी मेयर अविनाश जौली आजाद चुनाव लड़ रहे हैं। पिछली बार दोनों शिअद के उम्मीदवार थे। यह पहली बार है कि किसी पार्टी ने निगम के डिप्टी व सीनियर डिप्टी मेयर को टिकट नहीं दी।
डॉ. वेरका बन सकते हैं मंत्री
डॉ. राजकुमार वेरका को निगम चुनावों के बाद मंत्री पद मिल सकता है। पिछले दिनों सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साफ कर दिया था कि चुनावी नतीजों के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। माना जा रहा है कि डॉ. राजकुमार को मंत्री मंडल में जगह और विधायक ओम प्रकाश सोनी के भतीजे विकास सोनी को मेयर का ताज मिल सकता है। सियासत में सौदेबाजी अभी से होने लगी है, जबकि निगम के चुनाव रविवार को हैं।