लेबर चौक पर कब्जे के विरोध में धरना
मजदूरों ने नगर काउंसिल पर पैसे लेकर कब्जा करवाने के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
दीनानगर (गुरदासपुर)।
लेबर चौक में पिछले दो-तीन सप्ताह से हो रहे नाजायज कब्जों को लेकर परेशान मजदूरों ने मंगलवार बस स्टैंड के बाहर सड़क पर धरना लगा दिया। धरनाकारियों ने नगर काउंसिल प्रधान और अन्य अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और उन पर पैसे लेकर कब्जा करवाए के आरोप लगाए।
धरनाकारियों का नेतृत्व कर रहे मजदूर एकता यूनियन दीनानगर के प्रधान गोल्डी राज ने बताया कि काली माता मंदिर रोड की ओर जाते बेरी वाले चौक के नजदीक क्षेत्र भर के मजदूर पिछले 30-35 सालों से रोज सुबह रोजगार की खोज में आते हैं और सभी मजदूरों के रुकने के लिए यह शहर के अंदर एक मात्र जगह है। यहां राजमिस्त्री और मिजदूर अपने साइकिल व अन्य यंत्र रखते हैं। पिछले कुछ दिनों से इस जगह पर शहर के दुकानदारों की तरफ से जूते व गर्म कपड़ों की सेल लगा कर नाजायज कब्जा कर लिया गया है। इससे मजदूरों के लिए जगह नहीं बची है और उनको समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सेल लगाने वाले दुकानदारों पर मजदूरों के साइकिल व अन्य समान जबरन सड़क पर फेंकने के आरोप भी लगाए।
प्रधान गोल्डी राज ने बताया कि इस संबंधी नगर काउंसिल या अन्य कोई अधिकारी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है और मजदूर अब सड़क पर खड़े होने के लिए मजबूर हैं। जिस कारण किसी समय पर भी कोई बड़ा हादसा मजदूरों के साथ घट सकता है। उन्होंने कहा कि वह पिछले कई सालों से लेबर चौंक में मजदूरों के बैठने और आराम करने के लिए शैड बनाने की मांग करते आ रहे हैं परन्तु शैड बनाने की बजाय नगर कौंसिल ने उनके पास से खड़े होने वाली जगह भी छीन ली है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नाजायज कब्जे न हटाए गए तो वह रोष के तौर पर भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
नायब तहसीलदार प्रेम चंद ने मौके पर पहुंच कर मजदूरों को शांत किया और मांग पत्र लेकर उनको भरोसा दिया कि इस पर बनती कार्रवाई की जायेगी। नगर काउंसिल प्रधान राकेश महाजन ने आरोप को बेबुनियाद बताया। उन्होंने बताया लेबर चौक वाली जगह बिजली विभाग की है। पावरकाम सब डिविजन के एसडीओ गगनदीप भास्कर ने इस संबंधी जानकारी होने से इंकार किया। उन्होंने कहा कि यदि जगह बिजली विभाग की है तो इस संबंधी पुलिस को उचित कार्यवाही के लिए लिखा जाएगा और नाजायज कब्जा नहीं होने देंगे।