बटाला रहा पूर्ण रूप से बंद, सड़कों पर रेहड़ी तक नहीं दिखी
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला।
भारत बंद के आह्वान को लेकर दलित संगठनों ने बटाला को पूरी तरह बंद रखा। समाचार लिखे जाने तक कहीं से कोई हिंसक घटना घटने की सूचना नहीं मिली। बटाला में समूह दलित संघर्ष मोर्चा और डॉ. भीम राव अंबेडकर सेना ने मिलकर एससी-एसटी एक्ट को पहले की तरह लागू करने की मांग पर एसडीएम रोहित गुप्ता को एक ज्ञापन सौंपा। जीटी रोड पर स्थित गांधी चौक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर दलित समुदाय ने रोष जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी शिरकत की। पूरा बटाला शांतिपूर्ण रूप से बंद रहा। कोई दुकान नहीं खुली, यहां तक कि सड़क पर कोई रेहड़ी भी नहीं दिखी। पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद दिखा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थी ताकि लॉ एंड आर्डर को बरकरार रखा जा सके। प्रदर्शन के दौैरान निहंग सिंह भी मौजूद रहे। दलित नेताओं ने कहा कि संविधान के साथ छेड़छाड़ करना गलत है। इस दौरान जतिंदर कल्याण, संजीव दैत्य, जतिंदर अत्तरी, बंटी मल्होत्रा, डॉ. अशोक कुमार, जतिंदर साबी और दलजीत सिंह आदि ने संबोधित किया।
फोटो- 02जीडीआरबीटीएलपी03