ढाई साल बाद इस्लामाबाद इलाके का रहने वाला बच्चा नमन पहुंचा घर पुलिस अधिकारी परनीत सिंह ढिल्लो ने
- फोटो : AMRITSAR
अमृतसर। करीब सवा दो साल पहले अमृतसर रेलवे स्टेशन से गायब हुए इस्लामाबाद निवासी नमन (14) ने जमींदार के जुल्मों की दास्तां सुनाई। हाल ही में जमींदार के चुंगल से छूटकर घर पहुंचे नमन ने बताया कि उसे भूखा रखकर काम करवाया जाता था। जब उसने भागने का प्रयास किया, तो उसे पीटा गया।
बैसाखी वाले दिन जमींदार घर से बाहर था तो वह मौका मिलते ही वह गांव से भागकर अमृतसर में अपने घर पहुंचा। इसके बाद पिता उसे पुलिस के पास ले गए। पुलिस ने 4 फरवरी 2020 को दर्ज एफआईआर में दोबारा जांच शुरू कर दी है।
नमन ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन पर सो गया था और अगले दिन उठा तो वह मेहता के गांव शाहपुर में किसी जमींदार के घर पर था। वहां उससे जबरदस्ती घर का काम और पशुओं की देखभाल करवाई जाती। उसने दो बार भागने की कोशिश की, मगर उसे पकड़ लिया गया।
यह था मामला
इस्लामाबाद के पास स्थित चौक राजपूतां निवासी हरि किशन का बेटा नमन 2 फरवरी 2020 को पतंग लूटते हुए अचानक गायब हो गया था। नमन के न मिलने पर इस्लामाबाद थाने में शिकायत दी गई। पुलिस ने 4 फरवरी 2020 को अपहरण का केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने इस्लामाबाद चौक से लेकर अमृतसर रेलवे स्टेशन तक के रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करवाई तो वह रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर 6 और 7 पर दिखा। इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने नमन की खबरें समाचार पत्रों में छपवाईं और उसके पोस्टर शहर में अलग-अलग जगहों पर लगाकर उसे ढूंढने का प्रयास किया था।
कार्रवाई की जाएगी
इस्लामाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि नमन को लेकर उसके पिता आए थे। बच्चे से पूछताछ की गई और इसके बाद संबंधित गांव के जमींदार का पता लगाने के लिए मेहता थाना की पुलिस की मदद ली। इसमें संबंधित गांव के जमींदार के अलावा सरपंच व कुछ अन्य गांव वालों से भी पूछताछ की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फोटो -