संवाद न्यूज एजेंसी
तरनतारन। केंद्रीय जेल श्री गोइंदवाल साहिब में जेल प्रशासन द्वारा चलाए तलाशी अभियान के दौरान मोबाइल व नशीली गोलियां मिली हैं। जेल से 14 मोबाइल फोन, 13 सिम, तीन ईयरफोन, चार ईयरपॉड, दो डेटा केबल, दो चार्जर और 380 नशीली गोलियां बरामद की गईं। श्री गोइंदवाल साहिब थाने की पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
डीएसपी श्री गोइंदवाल साहिब अतुल सोनी ने बताया कि केंद्रीय जेल श्री गोइंदवाल साहिब के सहायक अधीक्षक हंसराज और गुरदयाल सिंह द्वारा चलाए गए औचक तलाशी अभियान के दौरान जेल में फेंका गया एक बैग बरामद किया गया, जिसमें से 380 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके साथ ही जेल के विभिन्न वार्डों में की गई चेकिंग के दौरान 14 मोबाइल फोन, 13 सिम, तीन ईयरफोन, चार ईयरपॉड, दो डाटा केबल व दो चार्जर बरामद किए गए। डीएसपी सोनी ने बताया कि जेल के सहायक अधीक्षकों द्वारा दिए बयान के आधार पर थाना श्री गोइंदवाल साहिब की पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।