डाक्टर पर रिश्वत लेने और लापरवाही का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। सिविल अस्पताल में एक मरीज के परिवार ने डॉक्टर पर रिश्वत लेकर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया। परिजनों ने इस संबंध में धरना देकर एसएमओ को मांगपत्र भी सौंपा।
मरीज जसपाल पुत्र तरसेम लाल निवासी गुरदासपुर भाईया के परिजनों ने मंगलवार सुबह डाक्टर अजय पाल के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जसपाल के पिता ने बताया कि गुरुवार को जसपाल का एक्सीडेंट हुआ था। इसमें उसके पैर की हड्डी टूट गई थी। उसे अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर अजयपाल ने उनसे 20 हजार रुपये मांगे। पैसे डाक्टर को दे दिए लेकिन सोमवार को डॉक्टर ने जसपाल को अमृतसर रेफर कर दिया। अमृतसर ले जाने पर वहां के डाक्टर ने यह कहकर मरीज को वापस भेज दिया कि उसकी टांग काटनी पड़ेगी। यहां आकर उसने जसपाल को एक निजी डॉक्टर को दिखाया। उस डाक्टर ने कहा कि उपचार के दौरान लापरवाही बरतने से टांग खराब हो गई जिस कारण उसे काटना पडे़गा और अमृतसर निजी अस्पताल जाने को कहा। उन्होंने कहा कि गरीबी के कारण वह दोबारा जसपाल को सिविल अस्पताल ले आए। एसएमओ डा. विजय ने बताया कि जसपाल के पिता ने डा. अजयपाल के खिलाफ रिश्वत लेने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। उन्होंने डॉक्टर अजयपाल को 15 फरवरी को सारा रिकार्ड लेकर पेश होने के लिए कहा है। वहीं डॉक्टर अजय पाल ने आरोपों को गलत ठहराया है।
13जीडीआर3- सिवल अस्पताल के बाहर नारोबाजी करते जसपाल के परिजन