संदिग्धों की तलाश में पुलिस ने अढ़ाई घंटे की परेड, मिला कुछ नहीं
शहर के सबसे पॉश एरिया में संदिग्ध युवकों के दिखने की मिली थी सूचना
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। पठानकोट के मिशन रोड पर पिछले कुछ दिनों में हुई छीनाझपटी और कुछ संदिग्ध युवकों के देखे जाने की सूचना के बाद मंगलवार देर शाम तीन थानों की पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। शाम साढ़े 5 बजे शुरू हुआ सर्च करीब अढ़ाई घंटे चला। डीएसपी सिटी सुखजिंद्र सिंह के नेतृत्व में चले इस सर्च अभियान में 100 के करीब पुलिस मुलाजिमों ने तीन किलोमीटर की परिधि में फैले आम के बाग के चप्पे-चप्पे को खंगाला। बाग के बाहर निर्मित नई कोठियों में रहने वाले लोगों से पूछताछ भी की गई। हालांकि पुलिस की ओर से इस बात को स्पष्ट कर दिया गया कि जितनी बार इन संदिग्ध युवकों को लोगों ने देखा है, उनके पास कोई हथियार नहीं दिखा। ऐसे में संभव है कि वह नशे की पूर्ति को घरों मे चोरी की नीयत से रैकी करते हों। डीएसपी सुखजिंद्र सिंह ने बताया कि लगातार बाग के आसपास संदिग्ध दिखने के बाद आसपास के लोगों में दहशत की स्थिति थी। ऐसे में पुलिस ने लोगों का डर दूर करने के लिए सर्च अभियान चलाया। साढ़े 7 बजे तक सर्च अभियान चल रहा था। इसमें फिलहाल पुलिस को कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला।
फोटो:-11-सर्च ऑपरेशन के दौरान कोठी मालिकों से पूछताछ करते पुलिस मुलाजिम।