शौर्य चक्र विजेता सुरेंद्र की शहादत को किया नमन
अपनों की शहादत का दर्द असहनीय होता है शहीद परिवारों के लिए : कर्नल सलारिया
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। शौर्य चक्र विजेता शहीद सिपाही सुरेंद्र पाल का 10वां श्रद्धांजलि समारोह गांव जैनी में शहीद के नाम पर बने सरकारी एलीमेंटरी स्कूल में आयोजित किया गया। शहीद सैनिक परिवार सुरक्षा परिषद के महासचिव कुंवर रविन्द्र सिंह विक्की की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में लोगों ने नम आंखों से सुरेंद्र पाल की शहादत को नमन किया।
शहीद सैनिक परिवार सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष रिटा. कर्नल सागर सिंह सलारिया बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। शहीद की माता लाजवंती, पत्नी कमलेश कुमारी, बेटी अमनप्रीत, बेटे दिनेश व परमजीत, भाई सोहन लाल, शहीद मेजर विवेक भंदराल के पिता कर्नल पी.एस.भंदराल, परिषद के प्रैस सचिव बिट्टा काटल, जिला एनआरआई सभा के प्रधान एनपीसिंह आदि ने विशेष मेहमान के तौर पर शामिल होकर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कर्नल सागर सिंह सलारिया ने कहा कि जब भी देश की सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ तो शहीद सुरेंद्र पाल जैसे रणबांकुरों ने दुश्मन के कुत्सित इरादों को नेस्तनाबूद करते हुए अपना बलिदान देकर राष्ट्र की एकता अखंडता को बरकरार रखा।
उन्होंने कहा कि एक सैनिक शहादत का जहां देश व परिवार को गौरवान्वित करती है, वहीं अपनों की शहादत का दर्द शहीद परिवारों के लिए असहनीय होता है। मुख्यातिथि ने शहीद के परिजनों सहित 10 अन्य शहीद परिवारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किय। स्कूली छात्रों ने देश भक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके शहीद को नमन किया। प्रिंसिपल शिवानी ने मेहमानों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर ठाकुर जीवन सिंह,हंस राज, राज कुमार शर्मा, सांई दास, वीर सिंह, डा. सुरेन्द्र पप्पू, राजेश कुमार, तरसेम लाल उपस्थित थे।