श्री अमरनाथ यात्रा के लिए अभी तक केवल 1.3 लाख श्रद्धालुओं का ही रजिस्ट्रेशन हो पाया है। मुश्किल शर्तों और मेडिकल की पेचीदा औपचारिकताओं के कारण श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतें आ रही हैं।
श्री अमरनाथ यात्रा वेलफेयर आर्गनाइजेशन ने जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एवं श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के चेयरमैन को पत्र लिखा है। इसमें मांग की गई है कि अमरनाथ यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएं। यात्रा के दौरान जम्मू में स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी जाए। किसी भी एमडी पास डॉक्टर से मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने की इजाजत दी जाए, तभी यात्रियों की संख्या में इजाफा हो पाएगा।
आर्गनाइजेशन के प्रधान राजिंदर शर्मा का कहना है कि इस बार अमरनाथ यात्रा 28 जून से शुरू होगी, लेकिन कुछ यात्री पहले ही बाबा बर्फानी के दर्शन कर आए हैं। यह सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। इसकी जांच कराई जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। शर्मा का कहना है कि इस बार मेडिकल बनवाने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। केवल सरकार द्वारा अधिकृत डॉक्टरों से ही मेडिकल बनवाया जा सकता है।
उनकी संख्या कम होने के कारण श्रद्धालुओं के लिए सर्टिफिकेट बनवाना काफी कठिन हो रहा है। इस संबंध में भक्तों को और राहत देने की जरूरत है। शर्मा ने कहा कि इस बार यात्रा के दौरान लंगर कमेटियों को शिफ्ट करके नई साइट दी गई हैं। इससे कमेटियों की आपरेशन लागत में इजाफा होगा। उनके पास इतना स्टाफ या रकम नहीं हैं कि नई-नई जगहों पर शिफ्ट होकर लंगर लगा सकें। आर्गेनाइजेशन की मांग है कि लंगर कमेटियों को पुरानी जगह ही अलॉट की जाए।