फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: मलेशिया ने चीन को हराया, दूसरे मैच में जापान ने दक्षिण कोरिया को दी मात

Tue, 27 Oct 2026 05:05 PM IST
शाहिल शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, जालंधर

सार

इस जीत के साथ मलेशिया ने प्रतियोगिता में अपने खाते में 3 अंक जोड़ लिए, जबकि चीन को पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
मलेशिया ने हॉकी में चीन को हराया - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 पंजाब में अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी के साथ मंगलवार को ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में पुरुष एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले ही मुकाबले में मलेशिया और चीन के खिलाड़ियों ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांच से भर दिया। बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में मलेशिया ने चीन को 5-4 से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
विज्ञापन


दोनों टीमों के बीच खेले गए इस मुकाबले में कुल 9 गोल हुए और अंतिम क्षणों तक जीत-हार को लेकर रोमांच बना रहा। मलेशिया की टीम ने शुरुआती मिनटों से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए चीन पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन चीन के खिलाड़ियों ने भी जवाबी हमलों से मुकाबले को एकतरफा नहीं होने दिया। मैच की शुरुआत में ही मलेशिया के अबू कमाल अजरी ने चौथे मिनट में गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती झटके के बाद चीन ने अपने खेल में तेजी दिखाई और 11वें मिनट में वांग ने गोल करके मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया।

इसके ठीक अगले मिनट यानी 12वें मिनट में चीन ने एक और गोल दागकर अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया। लगातार दो गोल खाने के बाद मलेशिया के खिलाड़ियों ने जोरदार पलटवार किया और 14वें मिनट में अबू कमाल अजरी ने अपना दूसरा गोल दागकर मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया। इसी 14वें मिनट में अनुआर ने भी मलेशिया की तरफ से गोल करके अपनी टीम को 3-2 से आगे कर दिया। इस तरह शुरुआती 14 मिनट के भीतर ही दोनों टीमों की तरफ से कुल 5 गोल हो चुके थे। इसके बाद चीन के खिलाड़ियों ने बराबरी  के लिए लगातार प्रयास किए और 27वें मिनट में चेन ने गोल दागकर स्कोर 3-3 कर दिया।
विज्ञापन


मुकाबला बराबरी पर पहुंचने के बाद दोनों टीमों के बीच बढ़त हासिल करने की होड़ और तेज हो गई। मलेशिया ने दूसरे हाफ में एक बार फिर आक्रामक रुख अपनाया और 34वें मिनट में फैसल सरी ने गोल करके अपनी टीम को 4-3 से आगे कर दिया। चीन अभी इस झटके से उबर भी नहीं पाया था कि अगले ही मिनट यानी 35वें मिनट में कमरुद्दीन ने एक और गोल दागकर मलेशिया की बढ़त 5-3 कर दी।
Trending Videos

लगातार दो गोल होने से मलेशिया ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली, लेकिन चीन की टीम ने हार स्वीकार करने के बजाय वापसी के प्रयास जारी रखे। चीन के चेन ने 44वें मिनट में अपना दूसरा गोल करके स्कोर 5-4 कर दिया और मुकाबले को एक बार फिर रोमांचक बना दिया। एक गोल का अंतर रह जाने के बाद चीन ने बराबरी हासिल करने के लिए प्रयास किए, जबकि मलेशिया के खिलाड़ियों ने अपनी बढ़त बचाए रखने पर जोर दिया। आखिरकार चीन की टीम बराबरी का पांचवां गोल नहीं कर सकी और मलेशिया ने 5-4 से मुकाबला जीत लिया।

मलेशिया की इस जीत में अबू कमाल अजरी की भूमिका सबसे अहम रही, जिन्होंने चौथे और 14वें मिनट में दो गोल किए। उनके अलावा अनुआर, फैसल सरी और कमरुद्दीन ने एक-एक गोल करके टीम की जीत में योगदान दिया। दूसरी तरफ चीन की ओर से चेन ने 27वें और 44वें मिनट में दो गोल किए, जबकि वांग और ने ने एक-एक गोल किया। मुकाबले की खास बात यह रही कि चीन ने शुरुआत में पिछड़ने के बाद बढ़त भी हासिल की और फिर 3-3 से बराबरी भी की, लेकिन मलेशिया के लगातार दो गोल निर्णायक साबित हुए।

इस जीत के साथ मलेशिया ने प्रतियोगिता में अपने खाते में 3 अंक जोड़ लिए, जबकि चीन को पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। जालंधर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता शुरू होने से खेल प्रेमियों में उत्साह है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत, मलेशिया, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश सहित एशिया की 6 प्रमुख टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के लीग मुकाबले 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले जाने हैं, जबकि सेमीफाइनल और पदक मुकाबले 4 तथा 5 नवंबर को मोहाली में आयोजित किए जाएंगे।
विज्ञापन

वहीं, दूसरे मुकाबले में जापान ने दक्षिण कोरिया को 3-2 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबला शुरुआत से लेकर अंतिम क्षणों तक रोमांचक रहा। जापान ने 14वें मिनट में केंटारो फुकुडा के फील्ड गोल की बदौलत 1-0 की बढ़त बनाई, लेकिन अगले ही मिनट दक्षिण कोरिया ने पेनल्टी कॉर्नर पर हान सांगजुन के गोल से स्कोर 1-1 कर दिया। पहले हाफ तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। तीसरे क्वार्टर में जापान ने आक्रामक खेल दिखाया और 36वें मिनट में रयोमा ओका ने फील्ड गोल दागकर टीम को 2-1 से आगे कर दिया। इसके बाद चौथे क्वार्टर में जापान ने अपनी बढ़त और मजबूत करते हुए 52वें मिनट में काजुमासा मात्सुमोतो के गोल की मदद से स्कोर 3-1 कर दिया।

दो गोल से पिछड़ने के बाद दक्षिण कोरिया ने वापसी के लिए जोर लगाया और 59वें मिनट में जियोंग जुनसोंग ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अंतर 3-2 कर दिया। अंतिम मिनटों में कोरिया ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए और आखिरी क्षणों में मिले पेनल्टी कॉर्नर से मुकाबले को बराबरी पर लाने का प्रयास भी किया, लेकिन जापान की रक्षापंक्ति ने उसके इरादों पर पानी फेर दिया। इस तरह जापान ने दबाव के बीच अपना संयम बनाए रखते हुए 3-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच में जापान की ओर से तीनों गोल फील्ड गोल के जरिए किए गए, जबकि दक्षिण कोरिया के दोनों गोल पेनल्टी कॉर्नर से आए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें